बस्तर
करपावंड में धान की अवैध बिक्री का प्रयास, जांच के बाद धान जब्त
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
जगदलपुर, 30 दिसंबर। धान खरीदी के दौरान करपावंड क्षेत्र में धान की बिक्री से जुड़ा एक मामला सामने आया है। जांच के दौरान यह पाया गया कि एक किसान के नाम पर जारी टोकन के माध्यम से निर्धारित मात्रा से अधिक धान बेचने का प्रयास किया जा रहा था। मामले में संबंधित धान को जब्त कर आगे की कार्रवाई की गई है। प्राप्त जानकारी के अनुसार, करपावंड निवासी उपेंद्र भारती के नाम पर 182 क्विंटल धान का टोकन जारी किया गया था। जांच में यह सामने आया कि संबंधित खेत से लगभग 100 क्विंटल धान का ही उत्पादन हुआ था। जांच के दौरान यह भी पता चला कि उपेंद्र भारती पिछले कुछ महीनों से रोजगार के सिलसिले में हैदराबाद में कार्यरत है। बताया गया कि उक्त खेत में धान की खेती उनके भाई लखीधर द्वारा की गई थी, जिसकी अनुमानित उपज लगभग 100 क्विंटल बताई गई है। शेष मात्रा के धान को बेचने के प्रयास में व्यापारी राजेश गुप्ता द्वारा दो पिकअप वाहनों में धान लोड कर सोसायटी ले जाया जा रहा था। सोसायटी में जांच के दौरान दस्तावेजों में विसंगति पाए जाने पर दोनों पिकअप वाहनों सहित धान को जब्त कर लिया गया। अधिकारियों द्वारा मामले की जांच जारी है और नियमों के अनुसार आगे की कार्रवाई की जा रही है।


