बस्तर
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
जगदलपुर, 28 दिसंबर। बस्तर जिले के तोकापाल क्षेत्र के देवनाथ ठाकुर आज इलाके में फिटनेस और अनुशासन की मिसाल बन चुके हैं।
58 वर्ष की उम्र में जब अधिकांश लोग आराम और घर तक सीमित हो जाते हैं, उस उम्र में देवनाथ ठाकुर रोज़ सुबह 5 बजे कडक़ड़ाती ठंड में केवल एक लंगोट पहनकर 5 से 6 किलोमीटर की दौड़ लगाते हैं और अपनी फिटनेस का लोहा मनवा रहे हैं।
उनकी दिनचर्या न सिर्फ मजबूत इच्छाशक्ति को दर्शाती है, बल्कि यह भी साबित करती है कि उम्र कभी भी मेहनत और जुनून के आड़े नहीं आती। नियमित दौड़ और कठोर अभ्यास के कारण वे आज भी चुस्त-दुरुस्त है। उनका जज्बा और अनुशासन किसी युवा खिलाड़ी से कम नहीं है। गांव के युवा उन्हें आदर्श मानते हैं और उनकी फिटनेस से प्रेरणा लेते हुए उनसे सीख लेने की बात कहते हैं।
स्थानीय लोगों के अनुसार, वे ठंड के मौसम में भी नियमित रूप से दौड़ का अभ्यास करते हैं। ग्रामीणों का कहना है कि वे लंबे समय से इसी दिनचर्या का पालन कर रहे हैं। उनके अनुसार, नियमित दौड़ और शारीरिक अभ्यास उनकी दिनचर्या का हिस्सा है।
ग्रामीणों का कहना है कि देवनाथ ठाकुर ने यह साबित कर दिया है कि स्वस्थ जीवनशैली अपनाकर किसी भी उम्र में खुद को फिट रखा जा सकता है। आज वे न केवल अपने गांव बल्कि पूरे क्षेत्र के युवाओं के लिए प्रेरणास्रोत बन गए हैं।
ग्रामीणों ने बताया कि देवनाथ ठाकुर की दिनचर्या को देखने के बाद गांव के कुछ युवा उनसे बातचीत करते हैं और उनके अभ्यास के बारे में जानकारी लेते हैं। ग्रामीणों का यह भी कहना है कि उनके द्वारा अपनाई गई जीवनशैली से यह संदेश मिलता है कि नियमित अभ्यास के माध्यम से शारीरिक सक्रियता बनाए रखी जा सकती है।
स्थानीय नागरिकों के अनुसार, देवनाथ ठाकुर की दिनचर्या को लेकर क्षेत्र में चर्चा हो रही है और लोग इसे स्वास्थ्य से जोडक़र देख रहे हैं।


