बस्तर

अटल बिहारी वाजपेयी के विचार भाजपा कार्यकर्ताओं के लिए मार्गदर्शक-सतीश
22-Dec-2025 10:57 PM
अटल बिहारी वाजपेयी के विचार भाजपा कार्यकर्ताओं के लिए मार्गदर्शक-सतीश

चित्रकोट में भाजपा का विस स्तरीय कार्यकर्ता सम्मेलन

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

जगदलपुर, 22 दिसंबर। भारतीय जनता पार्टी द्वारा चित्रकोट विधानसभा स्तरीय कार्यकर्ता सम्मेलन का आयोजन सोमवार को रेस्ट हाउस चित्रकोट में किया गया। यह सम्मेलन भारत रत्न, पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी जी के जन्म शताब्दी वर्ष को समर्पित रहा। सम्मेलन का उद्देश्य संगठनात्मक मजबूती, आगामी कार्यक्रमों की रूपरेखा तथा कार्यकर्ताओं में नवीन ऊर्जा का संचार करना रहा।

सम्मेलन में मुख्य अतिथि के रूप में भाजपा प्रदेश उपाध्यक्ष एवं जिला प्रभारी सतीश लाठीया, बस्तर लोकसभा सांसद महेश कश्यप एवं चित्रकोट विधायक विनायक गोयल विशेष रूप से उपस्थित रहे। सभी अतिथियों का भाजपा पदाधिकारियों एवं कार्यकर्ताओं द्वारा पुष्पगुच्छ भेंट कर आत्मीय स्वागत किया गया।

सम्मेलन को संबोधित करते हुए प्रदेश उपाध्यक्ष एवं जिला प्रभारी सतीश लाठीया ने कहा कि अटल बिहारी वाजपेयी जी का संपूर्ण जीवन राष्ट्र सेवा, लोकतंत्र और सुशासन को समर्पित रहा है। उनके विचार आज भी भाजपा कार्यकर्ताओं के लिए मार्गदर्शक हैं। उन्होंने कहा कि कार्यकर्ता संगठन की रीढ़ होते हैं और उनकी सक्रियता से ही पार्टी जन-जन तक अपनी विचारधारा पहुँचा पाती है।

बस्तर सांसद महेश कश्यप ने कहा कि भाजपा कार्यकर्ताओं ने सदैव जनसेवा को प्राथमिकता दी है। अटल जी के जन्म शताब्दी वर्ष में हम सभी का दायित्व है कि उनके विचारों और सिद्धांतों को समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुँचाएँ। उन्होंने कार्यकर्ताओं से निरंतर जनसंपर्क और सेवा कार्यों में सक्रिय रहने का आह्वान किया।

चित्रकोट विधायक विनायक गोयल ने कहा कि कार्यकर्ता सम्मेलन संगठन को नई दिशा और ऊर्जा प्रदान करता है। उन्होंने कार्यकर्ताओं से आग्रह किया कि वे बूथ स्तर तक संगठन को मजबूत करें और अटल जी के राष्ट्रनिर्माण के विचारों को जन-जन तक पहुँचाने में सहभागी बनें।

सम्मेलन के दौरान संगठनात्मक विषयों, आगामी कार्यक्रमों तथा जनसेवा से जुड़े विभिन्न बिंदुओं पर विस्तार से चर्चा की गई।

इस अवसर पर भाजपा जिला अध्यक्ष वेद प्रकाश पाण्डे, पूर्व विधायक लच्छुराम कश्यप, पूर्व विधायक एवं भाजपा अजजा उपाध्यक्ष बैदुराम कश्यप, जिला पंचायत उपाध्यक्ष बलदेव मण्डावी, भाजपा जिला महामंत्री रजनीश पानीग्राही, परिसराम बेसरा, मंडल प्रभारी यौगेन्द्र पाण्डे, नारायण ठाकुर, रैतुराम बघेल, लीलाधर सेठिया, मंडल अध्यक्ष मगंतूराम कश्यप, सोमारू राम कश्यप, देवी प्रसाद वेंजाम, सुनील कुहरामी, चन्द्रभान कश्यप आदि उपस्थित रहे।


अन्य पोस्ट