बस्तर
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
जगदलपुर, 20 दिसंबर। तोकापाल विकासखंड के ग्राम बेड़ागुड़ा स्थित जनजातीय कौशल केंद्र में जन शिक्षण केंद्र के माध्यम से संचालित सिलाई प्रशिक्षण कार्यक्रम के अंतर्गत महिलाओं को सिलाई मशीनों का वितरण किया गया। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित क्षेत्रीय चित्रकोट विधायक विनायक गोयल ने प्रशिक्षण प्राप्त कर रही महिलाओं को शुक्रवार को 5 सिलाई मशीनें वितरित की।
यह प्रशिक्षण कार्यक्रम धरती आबा जनजातीय ग्राम उत्कर्ष अभियान के अंतर्गत संचालित किया जा रहा है, जो कौशल विकास एवं उद्यमशीलता मंत्रालय तथा जनजातीय कार्य मंत्रालय की संयुक्त पहल है। कार्यक्रम का उद्देश्य जनजातीय क्षेत्र की महिलाओं को स्वरोजगार से जोडक़र उन्हें आत्मनिर्भर बनाना है।
इस अवसर पर विधायक विनायक गोयल ने कहा कि सरकार का लक्ष्य है कि जनजातीय समाज की महिलाएं कौशल प्रशिक्षण के माध्यम से अपने पैरों पर खड़ी हों और आर्थिक रूप से सशक्त बनें। सिलाई जैसे व्यावहारिक प्रशिक्षण से महिलाएं घर बैठे रोजगार प्राप्त कर सकती हैं।
यह पहल जनजातीय अंचल में कौशल विकास, रोजगार सृजन एवं सामाजिक सशक्तिकरण की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम मानी जा रही है।
इस अवसर पर भाजपा अजजा मोर्चा उपाध्यक्ष बैदुराम कश्यप, जनपद उपाध्यक्ष रितेश दास जोशी, जनपद सदस्य भानुमती यादव, डिकेश वासुदेव नाग, मेघराज ठाकुर, मुन्ना कश्यप, जिवनाथ मौर्य एवं जन शिक्षण संस्थान बस्तर के प्रतिनिधि, प्रशिक्षक, ग्रामवासी एवं प्रशिक्षणार्थी महिलाएं बड़ी संख्या में उपस्थित थे।


