बस्तर

ट्रक की चपेट में 11वीं के छात्र की मौत
19-Dec-2025 10:42 PM
ट्रक की चपेट में 11वीं के छात्र की मौत

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

जगदलपुर, 19 दिसंबर। शुक्रवार को बस्तर जिले के परपा थाना क्षेत्र के ग्राम भाटीगुड़ा में एक तेज रफ्तार ट्रक को देख स्कूली नाबालिग छात्रों ने बाइक में जैसे ही ब्रेक मारा कि एक छात्र वाहन से जा गिरा, और 11वीं कॉमर्स के छात्र को ट्रक ने कुचल दिया। इस हादसे में छात्र की मौके पर ही मौत हो गई, वहीं 2 छात्र को हल्की चोट आई। घटना के बाद आरोपी ट्रक चालक गिरफ्तार कर लिया गया है।

पुलिस ने बताया कि कखनार निवासी गोपाल कश्यप अपने 2 दोस्त प्रिंस बघेल कलेपाल व अमर नागकचनार ये सभी छिंदबहार में स्थित स्कूल में पढ़ाई कर रहे थे। प्रिंस ने बताया कि स्कूल में परीक्षा चल रही थी, लेकिन परीक्षा नहीं होने के कारण प्रिंस अपने मोटरसाइकिल में इन दोनों को लेकर स्कूल की ओर से भाटीगुड़ा होते हुए जगदलपुर की ओर जाने के लिए निकला हुआ था, लेकिन अचानक मोड़ में सामने से आते हुए ट्रक को देखकर प्रिंस ने अपना नियंत्रण खो दिया और ब्रेक मार दिया। अचानक लगे ब्रेक के चलते गोपाल वाहन से जा गिरा और ट्रक का पहिया उस पर चढ़ गया, जिससे  गोपाल की मौके पर ही मौत हो गई।

 घटना के बाद आसपास के लोगों ने ट्रक चालक को पकड़ लिया, वहीं शव को पीएम के लिए मेकाज लाया गया, जबकि परिजनों को सूचना दे दी गई है।

1 दिन 3 हादसे 3 की मौत

ज्ञात हो कि गुरुवार की सुबह एक दर्शनार्थी बस तारागांव के पास एक पेड़ में जा टकराई। इस हादसे में राजनांदगांव निवासी एक युवक की मौत हो गई थी। घटना के 2 घंटे के बाद आड़ावाल के पास एक तेज रफ्तार ट्रक ने एनएमडीसी में पदस्थ इंजीनियर को कुचल दिया, जिससे बाइक सवार युवक की मौके पर ही मौत हो गई, वहीं शुक्रवार को एक तेज रफ्तार ट्रक ने स्कूली छात्र को कुचल दिया, जिससे कि उसकी मौत हो गई।


अन्य पोस्ट