बस्तर
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
जगदलपुर, 18 दिसंबर। बोधघाट थाना क्षेत्र के आड़ावाल बाईपास के पास गुरुवार की सुबह 10 बजे एक तेज रफ्तार ट्रक चालक ने एक बाइक सवार को अपनी चपेट में ले लिया। इस हादसे में बाइक सवार की मौके पर ही मौत हो गई। वहीं घटना के बाद आरोपी ट्रक चालक गिरफ्तार कर लिया गया है। बताया जा रहा है कि मृतक एनएमडीसी में इंजीनियर के पद पर पदस्थ था।
मामले की जानकारी देते हुए बोधघाट थाना प्रभारी लीलाधर राठौर ने बताया कि आज सुबह एनएमडीसी से काम कर वापस अपने किराए के मकान आ रहे इंजीनियर बी धर्मा राव (30) जो ओडिशा निवासी है, लेकिन कुछ महीनों से आड़ावाल में किराए के मकान रह रहा था। आज सुबह जब एनएमडीसी से ड्यूटी करके वापस अपने घर आ रहा था कि तभी सामने से आ रही एक खाली ट्रक के चालक ने उसे अपनी चपेट में ले लिया। जहाँ उसकी मौके पर ही मौत हो गई। घटना के बाद आरोपी चालक को गिरफ्तार कर लिया गया है। वहीं शव को पीएम के लिए भेज दिया गया है। साथ ही परिजनों को भी सूचना दे दिया गया है।


