बस्तर
जगदलपुर, 17 दिसम्बर। छत्तीसगढ़ शासन के वन एवं जलवायु परिवर्तन विभाग ने हाल ही में जगदलपुर वन वृत्त के अंतर्गत महत्वपूर्ण पदोन्नतियों के अवसर पर एक विशेष सम्मान समारोह और एक दिवसीय प्रशिक्षण कार्यक्रम का आयोजन किया। यह कार्यक्रम जगदलपुर में आयोजित किया गया, जिसका मुख्य उद्देश्य पदोन्नत अधिकारियों को उनकी नई और उच्चतर भूमिकाओं के लिए तैयार करना था।
इस समारोह में 16 उप वनक्षेत्रपालों को वनक्षेत्रपाल के पद पर, तथा 5 वनक्षेत्रपालों को सहायक वन संरक्षक के पद पर पदोन्नति दी गई। इस अवसर पर मुख्य वन संरक्षक आलोक कुमार तिवारी ने उपस्थित होकर सभी पदोन्नत वन अधिकारियों को पुष्प गुच्छ भेंटकर शुभकामनाएँ दीं और उनका सम्मान किया। सम्मान समारोह के उपरांत इन अधिकारियों को उनकी नवीन जिम्मेदारियों के निर्वहन हेतु एक दिवसीय गहन प्रशिक्षण प्रदान किया गया।
इस प्रशिक्षण सत्र में अधिकारियों को वानिकी (फॉरेस्टी), लेखा, प्रशासनिक नवीन जिम्मेदारियों के साथ-साथ लोक सेवा के नवीन दायित्वों और अपेक्षाओं के बारे में विस्तृत जानकारी दी गई, ताकि वे छत्तीसगढ़ के वन संरक्षण और प्रबंधन में अपनी नई भूमिकाओं का प्रभावी ढंग से निर्वहन कर सकें।


