बस्तर

जगदलपुर में 112 विकास कार्यों की मंजूरी
07-Dec-2025 10:00 PM
जगदलपुर में 112 विकास कार्यों की मंजूरी

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

जगदलपुर, 7 दिसंबर। नगर निगम द्वारा शहर के सभी 48 वार्डों में 876.90 लाख रुपये की लागत से कुल 112 विकास कार्यों को स्वीकृति दी गई है जिसमें सीसी सडक़ निर्माण, डामरीकरण, आरसीसी नाली, पुलिया, सामुदायिक भवन, शेड, सोल्डर आदि शामिल हैं। इन कार्यों के पूर्ण होने शहरवासियों को प्रत्यक्ष लाभ तो मिलेगा ही साथ ही शहर का आधारभूत ढांचा और अधिक मजबूत होगा।

महापौर संजय पाण्डे ने कहा कि यह योजनाएँ शहर के सर्वांगीण विकास और प्रत्येक वार्ड में समान रूप से सुविधाएँ उपलब्ध कराने की दिशा में एक बड़ा कदम हैं। हमारा उद्देश्य है कि किसी भी गली, मोहल्ले और वार्ड को विकास से वंचित न रहने दिया जाए। नागरिकों को सुरक्षित, स्वच्छ और सुगम सडक़ें मिले। महापौर ने आगे कहा कि इन 112 कार्यों से शहर में अनेक प्रकार के प्रत्यक्ष और अप्रत्यक्ष लाभ होंगे।

सीसी रोड और डामरीकरण कार्यों से खराब सडक़ों की समस्या दूर होगी। स्कूली बच्चों, बुजुर्गों और स्थानीय नागरिकों को सुरक्षित एवं सहज पहुंच मार्ग मिलेगा। अधिकांश वार्डों में आरसीसी नाली और पुलिया निर्माण से बरसात में होने वाला जलभराव कम होगा।

इससे बीमारी, मच्छरजनित संक्रमण और सडक़ों की क्षति भी घटेगी।

नालियों के निर्माण से सीवरेज सिस्टम व्यवस्थित होगा। गंदगी और दुर्गंध की समस्या कम होगी। कई वार्डों में सामुदायिक भवन, मंदिर परिसर, शेड निर्माण जैसे कार्यों से स्थानीय सामाजिक गतिविधियों को बढ़ावा मिलेगा। बाजार, दुकानों और व्यावसायिक मार्गों पर सडक़ और नाली निर्माण से व्यापारियों एवं ग्राहकों दोनों को सुविधा मिलेगी।ईडब्ल्यूएस कॉलोनी, हाउसिंग बोर्ड कॉलोनी और आंतरिक गलियों में होने वाले विकास से आमजन के जीवनस्तर में सुधार होगा।

प्रावधिक स्वीकृति प्राप्त होने पर महापौर संजय पाण्डे ने उप मुख्यमंत्री व नगरीय निकाय मंत्री अरुण साव, बस्तर सांसद महेश कश्यप, प्रदेश अध्यक्ष व जगदलपुर विधायक किरण सिंह देव को धन्यवाद देते आभार माना है। वहीं पार्षदगण, अधिकारियों व नगरवासियों के सहयोग के लिए उनको भी धन्यवाद देते हुए कहा यह सब नगर निगम परिषद, पार्षदों, अधिकारियों और नागरिकों के सहयोग से संभव हुआ है। हम मिलकर शहर को आधुनिक, सुरक्षित और सुविधायुक्त बनायेंगे। विकास का यह अभियान निरंतर जारी रहेगा। यह शहर हमारा घर है। हम सब मिलकर इसे आधुनिक, स्वच्छ और सुरक्षित बनाएंगे। 48 वार्डों में एक साथ इतने कार्य शुरू होना शहर के सुनहरे भविष्य की ओर कदम है।


अन्य पोस्ट