बस्तर

गुमड़पाल में चित्रकोट विधायक ने महतारी सदन भवन का भूमिपूजन
10-Nov-2025 10:21 PM
गुमड़पाल में चित्रकोट विधायक ने महतारी सदन भवन का भूमिपूजन

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

जगदलपुर, 10 नवंबर। दरभा ब्लॉक के ग्राम पंचायत गुमड़पाल में सोमवार को एक ऐतिहासिक कदम उठाया गया। यहां 30 लाख रुपए की लागत से बनने वाले महतारी सदन भवन का भूमिपूजन एवं शिलान्यास कार्यक्रम संपन्न हुआ। इस अवसर पर मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे चित्रकोट विधानसभा के विधायक विनायक गोयल ने भूमिपूजन कर कार्य का शुभारंभ किया।

विधायक विनायक गोयल ने इस अवसर पर ग्रामवासियों को संबोधित करते हुए कहा कि अब हमारी माताएँ और बहनें धूप में या पेड़ के नीचे बैठने के लिए मजबूर नहीं रहेंगी। सरकार महिलाओं के सम्मान और सशक्तिकरण के लिए निरंतर कार्य कर रही है। महतारी सदन के निर्माण से ग्राम की महिलाएँ सामाजिक, सांस्कृतिक और शासकीय गतिविधियों में सक्रिय भागीदारी निभा सकेंगी।

उन्होंने कहा कि राज्य सरकार की मंशा है कि हर ग्राम पंचायत में महिलाओं के लिए एक सुरक्षित और सुसज्जित स्थान हो, जहाँ वे आत्मनिर्भरता और सामुदायिक विकास से जुड़ी योजनाओं पर चर्चा कर सकें। महतारी सदन न केवल एक भवन होगा, बल्कि यह महिला सशक्तिकरण का प्रतीक बनेगा।

विधायक ने आगे कहा कि चित्रकोट विधानसभा क्षेत्र में विकास कार्यों की गति निरंतर तेज हो रही है। हर गाँव में बुनियादी सुविधाएँ पहुँचाना हमारा लक्ष्य है। महतारी सदन जैसी योजनाएँ ग्रामीण समाज के सामाजिक ताने-बाने को मजबूत करेंगी और महिलाओं को आत्मविश्वास से आगे बढऩे की प्रेरणा देंगी।

इस अवसर पर जनपद अध्यक्ष मानकदेई कश्यप, उपाध्यक्ष हरी प्रसाद कश्यप, जनपद सदस्य कमलु कवासी, भाजपा जिला उपाध्यक्ष संतोष बघेल, मण्डल अध्यक्ष देवीप्रसाद वेंजाम, पूर्व मण्डल अध्यक्ष फुल सिंह सेठिया, अरूण नेताम, धर्मेंद्र ठाकुर, नकुल ठाकुर, दिनेश पाण्डेय, लखीराम यादव, बामन बघेल, सन्नु पोडियामी, श्रीमती दनमती नाग, पण्डरू मरकाम, भीम सिंह नाग, शंकर कश्यप, लखमु कश्यप, पतीराम, मनीराम, कलु नाग, तुलसी, जगत पुजारी, पत्रकार मुन्नु सिंह एवं अन्य पंचायत के पदाधिकारी, सरपंच प्रतिनिधि, पंचायत सचिव, महिला स्व-सहायता समूह की सदस्याएँ एवं बड़ी संख्या में ग्रामवासी उपस्थित रहे।


अन्य पोस्ट