बस्तर
लोगों को मिलेगी जाम से राहत, सफर होगा आसान
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
जगदलपुर, 10 नवम्बर। जगदलपुर शहरवासियों सहित चित्रकोट एवं बस्तर ब्लॉक के कुडक़ानार क्षेत्र से जगदलपुर तक सफर करने वाले ग्रामीणों और पीजी कॉलेज, कन्या पालीटेक्निक, इंजीनियरिंग कॉलेज एवं धरमपुरा स्थित अन्य विद्यालयों में पढ़ाई करने वाले छात्र-छात्राओं के लिए राहत भरी खबर यह है कि शहर के धरमपुरा स्थित पल्ली नाका समीप से नवोदय विद्यालय तक की सडक़ अब नई शक्ल ले चुकी है। लोक निर्माण विभाग द्वारा इस सडक़ के विस्तारीकरण और मजबूतीकरण का कार्य लगभग पूरा कर लिया गया है। करीब डेढ़ किलोमीटर लंबी इस सडक़ के निर्माण पर लगभग 2 करोड़ रुपये की लागत आई है। यह मार्ग जगदलपुर शहर और चित्रकोट मुख्य मार्ग के पल्ली नाका के समीप से जुड़ता है, जो पहले सिर्फ 3.75 मीटर चौड़ा था। सडक़ की संकीर्णता के कारण यहां अक्सर जाम और दुर्घटनाओं का खतरा बना रहता था। स्थानीय नागरिकों की लंबे समय से मांग थी कि उक्त सडक़ को चौड़ा किया जाए, ताकि धरमपुरा क्षेत्र की बढ़ती आबादी और यातायात दबाव को संभाला जा सके।
जगदलपुर विधायक किरण सिंह देव के सकारात्मक प्रयासों से इस सडक़ को अब साढ़े 05 मीटर चौड़ा कर दिया गया है। सडक़ के चौड़ा और मजबूत होने से अब दोपहिया और चारपहिया वाहनों की आवाजाही सुचारू रूप से हो सकेगी। यह मार्ग शैक्षणिक दृष्टि से भी अत्यंत महत्वपूर्ण है। सडक़ धरमपुरा क्षेत्र के कई प्रमुख कॉलेजों, विद्यालयों और शिक्षण संस्थानों के पास से होकर गुजरती है। पहले विद्यार्थियों को संकीर्ण सडक़ और ट्रैफिक जाम की वजह से रोजाना परेशानी झेलनी पड़ती थी, लेकिन अब नई सडक़ से उनका सफर सुरक्षित और सहज होगा।
स्थानीय नागरिकों ने सडक़ के निर्माण को लेकर संतोष जताया है। उनका कहना है कि इससे न केवल यात्रा समय घटेगा, बल्कि बारिश के मौसम में होने वाली कीचड़ और गड्ढों की समस्या से भी निजात मिलेगी। वहीं मौसम खुलने पर इस संकरी सडक़ में धूल भी उठता था, लेकिन अब सडक़ के चौड़ी होने के कारण धूल से भी मुक्ति मिलेगी। लोक निर्माण विभाग के अधिकारियों के अनुसार उक्त सडक़ का अंतिम लेयर कार्य और किनारों की सफाई का काम पूरा होने के साथ ही इस सडक़ पर आवागमन और सुगम हो जाएगी।


