बस्तर

डॉक्टर-स्टाफ थे नदारद, मरीजों ने कहा- बाहर से खरीद रहे दवाई
25-Feb-2022 1:20 PM
डॉक्टर-स्टाफ थे नदारद, मरीजों ने कहा- बाहर से खरीद रहे दवाई

बस्तर कलेक्टर साइकिल से पहुंचे महारानी अस्पताल, कहा लापरवाही बर्दाश्त नहीं

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
जगदलपुर, 25 फरवरी।
महारानी अस्पताल की लगातार आ रही अव्यवस्थाओं की खबरों को लेकर बस्तर कलेक्टर रजत बंसल शुक्रवार की सुबह बिना किसी को जानकारी दिए महारानी अस्पताल आ पहुंचे, जहां गायनिक वार्ड से लेकर जनरल वार्ड व बीमार मरीजों से बातचीत भी की। इस दौरान मरीज के परिजनों ने अस्पताल की अव्यवस्था को लेकर शिकायत भी दर्ज कराई है।

आज सुबह महारानी अस्पताल में व्याप्त अव्यवस्था की जानकारी मिलने के बाद बस्तर कलेक्टर रजत बंसल, जिला पंचायत अध्यक्ष के अलावा अन्य स्टाफ के साथ शुक्रवार की सुबह साइकिल से महारानी अस्पताल आ पहुँचे, जहां सबसे पहले गायनिक वार्ड का निरीक्षण करने के साथ ही वहां के स्टाफ से चर्चा भी की।

महारानी अस्पताल के पीछे बन रहे स्पर्श क्लिनिक के काम को भी देखा। जनरल वार्ड जाकर वहां भर्ती मरीजों से चर्चा भी की, साथ ही किसी प्रकार से कोई परेशानी तो नहीं, इस पर भी चर्चा की।

वार्ड से निकलने के बाद आपातकालीन वार्ड पहुँचे, जहां की स्थिति को देखने के बाद जो स्टाफ व डॉक्टर नदारद थे, उनके खिलाफ कार्रवाई करने की बात भी कही।

एक मरीज के परिजन ने बताया कि 4 दिन पहले वह अपने माँ को अस्पताल लाया था, लेकिन बाहर कोई भी स्टाफ नहीं था, इसके अलावा दवाई भी उपलब्ध नहीं रहता है, जिसके कारण बाहर से दवाई खरीदकर लाना पड़ रहा है, वहीं महारानी अस्पताल में काम करने वाले नगर सैनिकों के लिए रुकने के लिए भी किसी प्रकार से कोई रूम भी नहीं होने की बात सामने आई।

बस्तर कलेक्टर रजत बंसल ने निरीक्षण के बाद सिविल सर्जन डॉ. संजय प्रसाद को आदेशित किया कि किसी भी प्रकार से लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी, साथ ही जो लोग सही समय में ड्यूटी नहीं आये थे, उनके खिलाफ कार्रवाई की जाए, साथ ही मरचुरी को भी जल्द से जल्द चालू किया जाए।


अन्य पोस्ट