बस्तर

निकाली पदयात्रा, प्रदेश सरकार के खिलाफ प्रदर्शन
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
जगदलपुर, 18 नवंबर। पेट्रोल और डीजल में वैट को कम करने की माँग को लेकर आज भारतीय जनता युवा मोर्चा ने प्रदेश कांग्रेस सरकार के खिलाफ हल्ला बोलते हुए शहर में पदयात्रा निकाली और जोरदार विरोध प्रदर्शन किया। युवामोर्चा के कार्यकर्ताओं ने ठेले पर मोटरसायकल रख ढकेलते हुए विरोध जताया।
आज दोपहर दंतेश्वरी मंदिर के समक्ष से भाजयुमो ने शहर में पदयात्रा निकाली, जिसमें भाजपा के बड़े नेता भी शामिल रहे।प्रदेश सरकार के विरोध में जोरदार नारेबाजी करते हुए भाजयुमों के सैकडो़ं कार्यकर्ता शहर की प्रमुख सडक़ों से गुजरे और पेट्रोल डीजल की कीमतों पर वैट कटौती करने की माँग की।
भाजयुमो जिलाध्यक्ष अविनाश श्रीवास्तव ने कहा कि कांग्रेस की भूपेश सरकार महंगाई को लेकर नाटक कर रही है। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में केन्द्र की भाजपा सरकार ने दीपावली पर्व के समय पेट्रोल पर 5 रूपये व डीजल पर 10 रुपये टैक्स कम करने की घोषणा कर देश की जनता को राहत दी। इसके उलट प्रदेश की कांग्रेस सरकार ने पेट्रोल डीजल पर वैट टैक्स अभी तक नहीं घटाया है और जनता का ध्यान भटकाने महँगाई को लेकर घडिय़ाली आँसू बहाने का ड्रामा कर रही है। सीमेंट के दामों में बेतहाशा वृद्धि कर प्रदेश की जनता की कमर तोडऩे पर आमदा है।आज भाजयुमो ने प्रदेश सरकार के खिलाफ विरोध प्रदर्शन दर्ज कराया है,जो आगे भी सतत जारी रहेगा।
भाजयुमो की पदयात्रा व विरोध प्रदर्शन में प्रमुख रुप से पूर्व सांसद दिनेश कश्यप,भाजपा प्रदेश महामंत्री किरणदेव,पूर्व विधायक संतोष बाफना, सुभाऊ कश्यप,बैदूराम कश्यप, लच्छुराम कश्यप,विद्याशरण तिवारी,श्री निवास राव मद्दी,योगेन्द्र पाण्डेय, रामाश्रय सिंह, नरसिंह राव आदि शामिल थे।