बस्तर

प्रधानमंत्री ने जनजातीय गौरव दिवस की घोषणा कर पूरे विश्व की जनजातियों का बढ़ाया मान - केदार कश्यप
17-Nov-2021 4:59 PM
प्रधानमंत्री ने जनजातीय गौरव दिवस की घोषणा कर पूरे विश्व की जनजातियों का बढ़ाया मान - केदार कश्यप

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
जगदलपुर, 17 नवम्बर।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के द्वारा भगवान बिरसा मुंडा जंयती को जनजातीय गौरव दिवस घोषित करने के बाद पहली बार ग्राम करन्दोला में भगवान बिरसा मुंडा की जयंती मनायी गयी।

 कार्यक्रम के मुख्य अतिथि पूर्व मंत्री एवं भाजपा प्रदेश प्रवक्ता केदार कश्यप ने भगवान बिरसा मुंडा जी के छायाचित्र पर माल्यार्पण कर दीप प्रज्ज्वलित किया तथा उपस्थित समाज को संबोधित करते हुए कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी  का धन्यवाद, जिन्होंने भगवान बिरसा मुंडा जी की जयंती को जनजाति गौरव दिवस के रूप में मनाने की घोषणा की।

बिरसा मुंडा की  जीवनी के बारे में बताते हुये श्री कश्यप ने कहा कि हमारी जनजातियों का भारत की स्वतंत्रता और समृद्धि में बहुत बड़ा योगदान हैं। देश की संस्कृति और इतिहास को उन्होंने अपने परिश्रम से सींचा है, लेकिन दुर्भाग्यवश दशकों तक हमारे जनजातीय भाइयों बहनों को न उनका अधिकार मिला न ही सम्मान। नरेद्र मोदी ने उन्हें सम्मान भी दिया और अधिकर भी। जब बिरसा मुंडा युवा अवस्था में थे, तब उन्होंने देखा कि जनजाति समाज को मिशनरी एवं अंग्रेज बरगलाकर उनका धर्मांतरण करवा रहे हैं, बिरसा मुंडा जी सदैव समाज को जोडऩे का कार्य करते रहे। वो प्रकृति को भगवान मानते थे जिसका असर आज भी देखने को मिलता है, परंतु आज आदिवासी संस्कृति पर पुन: आघात हो रहा है, इससे हम सबको संगठित होकर लडऩे की आवश्यकता है।

आदिवासी समाज सदैव सनातनी रहे हैं परंतु आज कई देश विरोधी ताकते हम सब को सनातनी से दूर करने का प्रयास कर रहे हैं इससे हमें पूरे समाज को बचाना है।
 कार्यक्रम को भाजपा जिला अध्यक्ष रूपसिंह मंडावी, करन्दोला सरपंच संतोष बघेल, जिला पंचायत सदस्य निर्देश दीवान, अजजा जिला उपाध्यक्ष अरूण नेताम ने भी संबोधित किया, तथा कार्यक्रम को अजजा मोर्चा मंडल अध्यक्ष खुलेश्वर कश्यप ने अतिथियों का आभार व्यक्त कर जनजाति गौरव दिवस की बधाई दी। इस अवसर पर हीरालाल कश्यप, समलू भद्रे, भगरथि मौर्या, कुंदन बघेल, टिकम कश्यप, बरातू बघेल, लोकेश कश्यप, विषम मौर्य, डमरू बघेल एवम् पदाधिकारी कार्यकर्ता उपस्थित थे।
 


अन्य पोस्ट