बलरामपुर
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
बलरामपुर,12 अप्रैल। विकासखंड रामचंद्रपुर अंतर्गत वन वाटिका रामानुजगंज में प्रदेश के कृषि मंत्री रामविचार नेताम ने नौका विहार का शुभारंभ किया। इस अवसर पर उन्होंने बच्चों के लिए चिल्ड्रन पार्क की सौगात भी दी, जिससे क्षेत्र में खुशी का माहौल है।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए मंत्री रामविचार नेताम ने कहा कि विकास केवल आधारभूत संरचनाओं तक सीमित नहीं है, बल्कि यह लोगों की जरूरतों और समय के अनुसार सुविधाओं के विस्तार से जुड़ा होता है। उन्होंने कहा कि दीर्घकालिक योजनाएं भले ही समय लेती हैं, लेकिन वे क्षेत्र के समग्र विकास में महत्वपूर्ण भूमिका निभाती हैं। साथ ही युवाओं की मांग को ध्यान में रखते हुए वन वाटिका परिसर में ओपन जिम स्थापित करने का आश्वासन भी दिया।
कार्यक्रम के दौरान मंत्री ने स्व-सहायता समूह की महिलाओं से संवाद कर नौका संचालन की जानकारी ली और सुरक्षा, स्वच्छता तथा बच्चों के लिए पौष्टिक खाद्य उपलब्ध कराने पर विशेष जोर दिया। उन्होंने परिसर को प्लास्टिक मुक्त रखने और महिलाओं की सहभागिता बढ़ाकर रोजगार के नए अवसर सृजित करने की बात कही।
इस अवसर पर वन मण्डलाधिकारी आलोक बाजपेयी ने बताया कि रामानुजगंज की वन वाटिका तेजी से एक प्रमुख पर्यटन स्थल के रूप में विकसित हो रही है। यहां नौका विहार की शुरुआत के साथ ही आगामी समय में इसके विस्तार की योजना भी बनाई गई है, जिससे राज्य के पर्यटन मानचित्र पर इस स्थल को विशेष पहचान दिलाई जा सके।
उन्होंने जानकारी दी कि लगभग 250 हेक्टेयर क्षेत्र में फैले इस इलाके में 5 एकड़ में वन वाटिका विकसित की गई है, जिसका संचालन वर्ष 2009 से वन प्रबंधन समूह के माध्यम से किया जा रहा है। वर्तमान में इसका संचालन ‘विश्वास महिला स्व-सहायता समूह’ को सौंपा गया है, जिससे स्थानीय महिलाओं को रोजगार के अवसर मिल रहे हैं।
कार्यक्रम में बच्चों के मनोरंजन के लिए झूले सहित अन्य सुविधाएं भी उपलब्ध कराई गई हैं, वहीं प्रवेश एवं नौका विहार के लिए निर्धारित दरें तय कर सुव्यवस्थित संचालन सुनिश्चित किया गया है। इस अवसर पर विश्वास महिला स्व-सहायता समूह को उत्कृष्ट प्रबंधन और महिला सशक्तिकरण में योगदान के लिए प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया गया।
कार्यक्रम में रेड क्रॉस सोसायटी के अध्यक्ष ओम प्रकाश जायसवाल सहित अन्य जनप्रतिनिधि एवं गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।


