बलरामपुर

महुआ बीनने गए ग्रामीण पर भालू का हमला, गंभीर
25-Mar-2026 8:55 PM
महुआ बीनने गए ग्रामीण पर भालू का हमला, गंभीर

राजपुर, 25 मार्च। बलरामपुर जिले के राजपुर क्षेत्र में महुआ बीनने गए एक ग्रामीण पर जंगली भालू ने हमला कर दिया, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया। घटना बुधवार सुबह की बताई जा रही है। घायल को प्राथमिक उपचार के बाद गंभीर हालत में अंबिकापुर भेज दिया गया है।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, सेवारी निवासी कहरु (50) पिता जगना कोरवा बुधवार सुबह करीब 6 बजे महुआ बीनने के लिए जंगल गया था। इसी दौरान अचानक एक जंगली 
भालू ने उस पर हमला कर दिया। भालू के हमले से वह बुरी तरह घायल हो गया। बताया जा रहा है कि हमले में उसके शरीर के कई हिस्सों में गंभीर चोटें आई हैं।
घटना के बाद परिजनों ने घायल को तत्काल राजपुर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने प्राथमिक उपचार के बाद उसकी गंभीर स्थिति को देखते हुए अंबिकापुर मेडिकल कॉलेज अस्पताल रेफर कर दिया।

बताया जा रहा है कि महुआ सीजन के दौरान ग्रामीण बड़ी संख्या में जंगलों में जाते हैं, जिससे इस तरह की घटनाएं सामने आती रहती हैं। घटना की सूचना मिलते ही वन विभाग की टीम भी स्वास्थ्य केंद्र पहुंची और घायल के इलाज के लिए तत्काल सहायता राशि प्रदान की।

वन विभाग ने ग्रामीणों से जंगल में जाते समय सतर्क रहने की अपील की है।


अन्य पोस्ट