बलरामपुर

रामविचार नेताम ने पंडो जनजाति के बीच मनाया जन्मदिन
02-Mar-2026 4:49 PM
रामविचार नेताम ने पंडो जनजाति के बीच मनाया जन्मदिन

समाज ने ‘जन दुलरुआ सम्मान’ से किया सम्मानित
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
रामानुजगंज, 2 मार्च।
वरिष्ठ एवं आदिम जाति कल्याण मंत्री रामविचार नेताम ने अपना जन्मदिन जनपद पंचायत रामचंद्रपुर अंतर्गत ग्राम पंचायत महादेवपुर में पंडो समाज के बीच सादगी और आत्मीयता के साथ मनाया। इस अवसर पर पंडो समाज ने उन्हें जन दुलरुआ सम्मान से सम्मानित किया।

कार्यक्रम में मंत्री नेताम ने पंडो समाज के लिए महत्वपूर्ण घोषणाएँ कीं। उन्होंने पंडो समाज भवन निर्माण हेतु 25 लाख रुपये तथा खेल मैदान के फील्ड समतलीकरण के लिए 5 लाख रुपये देने की घोषणा की। इसके साथ ही पंडो समाज के विद्यार्थियों के लिए डिंडा, रामचंद्रपुर एवं रामानुजगंज में बालक एवं बालिका छात्रावास की स्वीकृति दिलाने की जानकारी भी साझा की।
अपने संबोधन में मंत्री नेताम ने कहा कि राष्ट्रपति के दत्तक पुत्र कहे जाने वाले पंडो समाज के बीच जन्मदिन मनाना उनके लिए गौरव का क्षण है। उन्होंने समाज द्वारा दिए गए स्नेह, अपनापन और आशीर्वाद के लिए आभार व्यक्त करते हुए कहा कि वे सदैव समाज के विकास के लिए प्रतिबद्ध रहेंगे।

पंडो समाज के कार्यकारी प्रदेश अध्यक्ष उदय पंडो ने कहा कि मंत्री रामविचार नेताम समाज के लिए प्रेरणा स्रोत हैं और सदैव समाज के उत्थान के लिए तत्पर रहते हैं। उन्होंने कहा कि जन्मदिन पर समाज की ओर से विशेष उपहार तो नहीं है, लेकिन आज से पंडो समाज उन्हें अपना आदर्श मानते हुए जन दुलरुआ सम्मान से सम्मानित करता रहेगा।
यह आयोजन पंडो जनजाति के साथ एकजुटता, सामाजिक समरसता और विकास के संकल्प का प्रतीक बना।


अन्य पोस्ट