बलरामपुर

39वां वार्षिकोत्सव: शिक्षा, संस्कृति और उपलब्धियों का उत्सव
15-Feb-2026 10:28 PM
39वां वार्षिकोत्सव: शिक्षा, संस्कृति और उपलब्धियों का उत्सव

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

रामानुजगंज,15 फरवरी। शासकीय लरंगसाय स्नातकोत्तर महाविद्यालय, रामानुजगंज में 39वां वार्षिकोत्सव एवं पुरस्कार वितरण समारोह हर्षोल्लास, गरिमा और उत्साह के वातावरण में भव्य रूप से संपन्न हुआ। माँ सरस्वती की वंदना के साथ आरंभ हुए इस समारोह में पारंपरिक स्वागत, सांस्कृतिक प्रस्तुतियाँ और विद्यार्थियों की उपलब्धियों का मनोहारी संगम देखने को मिला। तालियों की गूंज और उल्लास से पूरा परिसर जीवंत हो उठा।

समारोह की शुरुआत में महाविद्यालय की प्राचार्य डॉ. रोज़ लिली बड़ा ने स्वागत उद्बोधन प्रस्तुत किया। उन्होंने मंचासीन मुख्य अतिथि, विशिष्ट अतिथियों, जनभागीदारी समिति के पदाधिकारियों, प्राध्यापकगण, अभिभावकों एवं छात्र-छात्राओं का हार्दिक अभिनंदन करते हुए कहा कि वार्षिकोत्सव केवल उत्सव नहीं, बल्कि विद्यार्थियों की मेहनत, शिक्षकों के समर्पण और अभिभावकों के विश्वास का उत्सव है। उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि महाविद्यालय के विद्यार्थी शैक्षणिक उत्कृष्टता के साथ-साथ सामाजिक दायित्वों का भी कुशलतापूर्वक निर्वहन करेंगे।

समारोह के मुख्य अतिथि कृषि मंत्री राम विचार नेताम रहे। अपने प्रेरक संबोधन में उन्होंने कहा कि शिक्षा, अनुशासन, खेल और संस्कृति—इन चारों का संतुलन ही युवाओं के सर्वांगीण विकास की कुंजी है। उन्होंने महाविद्यालय के विकास हेतु कार्यक्रम शेड, प्रवेश द्वार तथा छात्र-छात्राओं के लिए छात्रावास निर्माण के प्रयासों की घोषणा कर विद्यार्थियों में नया उत्साह भर दिया।

विशिष्ट अतिथियों में पूर्व जनभागीदारी समिति अध्यक्ष शैलेष गुप्ता, जिला मंत्री भाजपा शर्मिला गुप्ता, मंडल अध्यक्ष सीताराम गुप्ता, वरिष्ठ अधिवक्ता जयप्रकाश गुप्ता सहित अनुप तिवारी, सुनील तिवारी, बी.डी. लाल गुप्ता एवं तारावती सिंह की गरिमामयी उपस्थिति रही।

कार्यक्रम की अध्यक्षता जनभागीदारी समिति के अध्यक्ष विकास गुप्ता ने की। उन्होंने अपने अध्यक्षीय उद्बोधन में महाविद्यालय के शैक्षणिक विकास, अधोसंरचना सुदृढ़ीकरण और छात्रहित में निरंतर सहयोग का आश्वासन दिया।

इस अवसर पर नेट-सेट उत्तीर्ण छात्र-छात्राओं तथा प्रत्येक संकाय में शीर्ष स्थान प्राप्त करने वाले विद्यार्थियों को शील्ड, मेडल एवं प्रमाण पत्र प्रदान कर सम्मानित किया गया। पुरस्कार वितरण के दौरान विद्यार्थियों और अभिभावकों के चेहरों पर गर्व और प्रसन्नता स्पष्ट दिखाई दी।

उल्लेखनीय है कि वार्षिकोत्सव की शुरुआत 3 फरवरी से खेलकूद प्रतियोगिताओं के साथ हुई थी, जो 14 फरवरी को इस भव्य पुरस्कार वितरण समारोह के साथ सफलतापूर्वक संपन्न हुई। समापन अवसर पर नगर के नागरिक, पार्षद, जनभागीदारी समिति के सदस्य, भूतपूर्व छात्र-छात्राएँ तथा महाविद्यालय के समस्त प्राध्यापकगण एवं अधिकारी-कर्मचारी बड़ी संख्या में उपस्थित रहे।


अन्य पोस्ट