बलरामपुर

ज्ञानोत्सव: विचारशील समाज का संदेश
14-Feb-2026 11:04 PM
ज्ञानोत्सव:  विचारशील समाज का संदेश

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

रामानुजगंज, 14 फरवरी। ज्ञान यज्ञ परिवार, रामानुजगंज के तत्वावधान में धर्मशाला परिसर में आयोजित पांच दिवसीय ज्ञानोत्सव 2026 के दूसरे दिन कार्यक्रम का केंद्र बिंदु रहे सामाजिक चिंतक बजरंग मुनि एवं छत्तीसगढ़ शासन के कृषि मंत्री राम विचार नेताम। दोनों वक्ताओं ने समाज में वैचारिक जागरूकता और नैतिक मूल्यों की आवश्यकता पर विशेष बल दिया।

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए मौलिक विचारक एवं चिंतक बजरंग मुनि ने कहा कि रामानुजगंज एक आदर्श नगर रहा है और इसका गौरवशाली इतिहास रहा है। उन्होंने कहा कि केवल भौतिक विकास पर्याप्त नहीं है, बल्कि बौद्धिक और वैचारिक विकास भी उतना ही आवश्यक है। समाज को दिशा देने के लिए विचारवान व्यक्तित्वों की आवश्यकता है, जो नई पीढ़ी को सही मार्गदर्शन दे सकें।

इस अवसर पर मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित कृषि मंत्री राम विचार नेताम ने ज्ञान यज्ञ परिवार द्वारा आयोजित इस आध्यात्मिक एवं बौद्धिक आयोजन की सराहना की। उन्होंने कहा कि ऐसे आयोजन समाज में सकारात्मक ऊर्जा का संचार करते हैं और लोगों को अपने सांस्कृतिक मूल्यों से जोड़ते हैं।

 उन्होंने समाज में चिंतनशील और जागरूक नागरिकों की आवश्यकता पर बल देते हुए कहा कि विचारों की समृद्धि से ही समाज मजबूत बनता है।

कार्यक्रम में मंत्री नेताम अपनी पत्नी पुष्पा नेताम के साथ उपस्थित रहे। नगर पालिका अध्यक्ष रमन अग्रवाल सहित बड़ी संख्या में श्रद्धालु एवं नगरवासी मौजूद रहे।

 धर्मशाला परिसर में आयोजित ज्ञानोत्सव के अंतर्गत प्रतिदिन श्रीमद्भागवत कथा एवं आध्यात्मिक प्रवचन का आयोजन किया जा रहा है, जिसमें श्रद्धालुओं की उल्लेखनीय भागीदारी देखी जा रही है।


अन्य पोस्ट