बलरामपुर

गौ-तस्करी, स्कॉर्पियो सहित आरोपी गिरफ्तार
31-Jan-2026 10:46 PM
गौ-तस्करी, स्कॉर्पियो  सहित आरोपी गिरफ्तार

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

बलरामपुर, 31 जनवरी। थाना कुसमी क्षेत्र में पुलिस ने गौ-तस्करी के एक मामले का खुलासा करते हुए एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। आरोपी के कब्जे से 6 गाय-बैल एवं एक स्कॉर्पियो जब्त किया गया है। यह कार्रवाई ग्राम बकाईन टोली रोड पर की गई।

पुलिस के अनुसार मुकेश कुमार ग्राम नवाडीहा बकाईन टोली, थाना कुसमी द्वारा 30 जनवरी को थाना कुसमी में रिपोर्ट दर्ज कराई गई थी। रिपोर्ट में बताया गया कि 29 जनवरी की रात सूचना मिली थी कि एक स्कॉर्पियो वाहन में गाय-बैलों को क्रूरतापूर्वक ठूंस-ठूंसकर भरकर वध हेतु बूचडख़ाना ले जाया जा रहा है।

सूचना के आधार पर प्रार्थी अपने सहयोगियों के साथ बकाईन टोली रोड पर घात लगाकर वाहन का इंतजार कर रहे थे। रात्रि लगभग 1 बजे स्कॉर्पियो वाहन क्रमांक जेएच-01-एए-0959 सिविलदाग की ओर से आते दिखाई दी। वाहन को रोकने का प्रयास करने पर उसमें सवार तीन व्यक्ति वाहन छोडक़र भागने लगे, इसी दौरान अंधेरे में एक व्यक्ति गिर गया, जिसे पकड़ लिया गया। पूछताछ में उसने अपना नाम संजीव घासी, पिता रमेश घासी, निवासी ग्राम खिखिर पारा, कुसमी बताया।

भागने वाले अन्य आरोपियों में एक की पहचान ताहिर अंसारी ग्राम नवाडीहा के रूप में हुई, जबकि एक अन्य आरोपी अज्ञात है।

स्कॉर्पियो की तलाशी लेने पर उसमें 6 नग गाय-बैल पाए गए, जिनके मुंह और चारों पैर बांधकर अत्यंत क्रूरतापूर्वक वाहन में लोड किया गया था। मवेशियों को झारखंड की ओर ले जाया जा रहा था।

प्रार्थी की रिपोर्ट पर थाना कुसमी में अपराध दर्ज कर विवेचना में लिया गया। विवेचना के दौरान 6 नग मवेशी एवं स्कॉर्पियो वाहन को जब्त किया गया।

आरोपी संजीव घासी को 30 जनवरी को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेएमएफसी न्यायालय, राजपुर में प्रस्तुत किया गया है। अन्य फरार आरोपियों की तलाश जारी है।


अन्य पोस्ट