बलरामपुर
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
राजपुर, 31 जनवरी। प्रधान पाठक गुप्तेश्वर तिवारी 39 वर्ष की दीर्घकालीन सेवा पूर्ण करने के उपरांत सेवानिवृत्त हो गए। वे राजपुर विकासखंड अंतर्गत शासकीय मध्यमिक शाला धंधापुर में प्रधान पाठक के पद पर पदस्थ थे।
प्रधान पाठक गुप्तेश्वर तिवारी 31 जनवरी को सेवानिवृत्त हुए। इस अवसर पर विद्यालय में एक सादे सम्मान समारोह का आयोजन किया गया, जिसमें विकासखंड शिक्षा अधिकारी अरविंद कुमार गुप्ता एवं सहायक विकासखंड शिक्षा अधिकारी (एबीओ) जातरू राम नागदेव ने उन्हें शाल एवं श्रीफल भेंट कर सम्मानित किया तथा उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।
उल्लेखनीय है कि प्रधान पाठक गुप्तेश्वर तिवारी ने वर्ष 1986 में शैक्षणिक सेवा में प्रवेश किया था और 39 वर्षों तक शिक्षा के क्षेत्र में निष्ठा एवं समर्पण के साथ कार्य करते हुए अनेक विद्यार्थियों के भविष्य को संवारने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। उनके सेवानिवृत्त होने पर शिक्षकों, कर्मचारियों एवं ग्रामीणजनों ने उनके योगदान की सराहना की।


