बलरामपुर

जसवंत-विकास किसान कांग्रेस के प्रदेश महासचिव बने
16-Nov-2025 6:43 PM
जसवंत-विकास किसान कांग्रेस के प्रदेश महासचिव बने

'छत्तीसगढ़Ó संवाददाता
रामानुजगंज,16 नवंबर।
छत्तीसगढ़ किसान कांग्रेस द्वारा घोषित नई प्रदेश कार्यकारिणी में रामानुजगंज क्षेत्र के दो युवा और सक्रिय नेताओं जसवंत सिंह एवं विकास दुबे को प्रदेश महासचिव की महत्वपूर्ण जिम्मेदारी सौंपी गई है। दोनों नेताओं की नियुक्ति को क्षेत्र के किसान नेताओं और ग्रामीणों ने एक बड़ी उपलब्धि के रूप में देखा है।
जसवंत सिंह और विकास दुबे पूर्व में किसान कांग्रेस के जिला अध्यक्ष रह चुके हैं और अपने कार्यकाल में किसानों की समस्याओं को मजबूती से उठाने के कारण प्रदेश नेतृत्व का विश्वास अर्जित किया है। दोनों लंबे समय से धान खरीदी, बोनस भुगतान, खाद-बीज वितरण, सिंचाई व्यवस्था तथा फसल बीमा जैसी समस्याओं पर संघर्ष करते रहे हैं। नियुक्ति के बाद पत्रकारों से बातचीत में जसवंत सिंह ने कहा कि यह पद उनके लिए सम्मान के साथ-साथ किसानों के प्रति बढ़ी हुई जिम्मेदारी भी है। उन्होंने कहा कि वे प्रदेशभर के किसानों की समस्याओं को सरकार तक पहुंचाने और कृषक हितों को सर्वोपरि रखकर कार्य करने के लिए प्रतिबद्ध हैं। उन्होंने यह भी कहा कि संगठन के माध्यम से किसानों की आय बढ़ाने और कृषि संसाधनों को मजबूत करने की दिशा में ठोस पहल की जाएगी।
वहीं विकास दुबे ने कहा कि किसान कांग्रेस ने उन पर जो भरोसा जताया है, उसे वे पूरी निष्ठा से निभाएंगे। उन्होंने कहा कि वे गांव-गांव जाकर किसानों की वास्तविक समस्याओं को समझने और उनके समाधान के लिए निर्णायक कदम उठाने पर विशेष ध्यान देंगे। दुबे ने आश्वासन दिया कि समर्थन मूल्य, सिंचाई सुविधाएँ, फसल बीमा भुगतान और कृषि यंत्रीकरण जैसे मुद्दों को प्राथमिकता में रखा जाएगा।
दोनों नेताओं की नियुक्ति से क्षेत्र में उत्साह का माहौल है और किसान समुदाय को उम्मीद है कि उनके मुद्दों को अब प्रदेश स्तर पर और मजबूती से रखा जाएगा।


अन्य पोस्ट