बलरामपुर
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
बलरामपुर, 9 फरवरी। आंगनबाड़ी कार्यकर्ता सहायिका संयुक्त मंच छत्तीसगढ़ के तत्वावधान में मुख्यालय के सप्ताहिक बाजार में दसवें दिन अनिश्चितकालीन हड़ताल जारी रही।
ज्ञात हो कि महिला एवं बाल विकास मंत्रालय द्वारा कई वर्षों से आंगनबाड़ी केंद्रों का संचालन किया जा रहा है। आंगनबाड़ी कार्यकर्ता सहायिका संघ के द्वारा भारतीय मजदूर संघ के बैनर तले जिला एवं राज्य सरकार के समक्ष समय-समय पर अपनी मांगों को ज्ञापन एवं धरना प्रदर्शन के माध्यम से रखा है, किंतु संगठन के मांग पत्र पर आज तक समस्या का समाधान नहीं किया गया। संघ के द्वारा पुन: अपनी मांगों को रखते हुए 28 जनवरी से समस्त परियोजना के अंतर्गत कार्यरत आंगनबाड़ी केंद्रों का संचालन अनिश्चितकालीन तक बंद रखने एवं जिला मुख्यालय के सप्ताहिक बाजार में अनिश्चितकालीन हड़ताल पर बैठ गए हंै, आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं ने अपनी प्रमुख मांगों को पूरी होने तक आंदोलन को जारी रखने की बात की है।
आंगनबाड़ी कार्यकर्ता एवं सहायिका संघ ने मीडिया को बताया कि हमारी तीन प्रमुख मांगे हैं, जिसमें आंगनबाड़ी कार्यकर्ता सहायिकाओं को शासकीय कर्मचारी घोषित किए जाने तक कलेक्टर दर पर वेतन तत्काल दिया जाए, आंगनबाड़ी सहायिका को कार्यकर्ता के रिक्त पद पर एवं कार्यकर्ता को सुपरवाइजर पद पर पदोन्नत किया जाए एवं विभागीय सेवा भर्ती नियम में संशोधन किया जाए। जाए।आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं को प्राइमरी स्कूल में प्राइमरी शिक्षक का दर्जा एवं वेतन दिया जाए।
आंगनबाड़ी कार्यकर्ता सहायिका संयुक्त मंच छत्तीसगढ़ के बैनर के नीचे छत्तीसगढ़ जुझारू आंगनबाड़ी कार्यकर्ता सहायिका कल्याण संघ, आंगनवाड़ी कार्यकर्ता एवं सहायिका यूनियन तथा छत्तीसगढ़ आंगनबाड़ी कार्यकर्ता सहायिका संघ एवं छत्तीसगढ़ प्रदेश आंगनबाड़ी महिला संघ मिलकर आंदोलन कर रही हैं।


