बलरामपुर
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
रामानुजगंज,15 अक्टूबर। आज सुबह नगर सीमा से महज 1 किलोमीटर की दूरी पर वन वाटिका विश्राम गृह के नजदीक हाथी की लाश मिलने से सनसनी फैल गई। जानकारी मिलते ही डीएफओ विवेकानंद झा के नेतृत्व में वन अमला मौके पर पहुंचा, वहीं वाइल्ड एनिमल्स के अधिकारी भी मौके पर पहुंचे। मौके पर ही 3 पशु चिकित्सकों के द्वारा पोस्टमार्टम कराकर शव को वहीं मिट्टी में दफन कर दिया गया।
डॉक्टरों के प्रारंभिक जांच में लीवर एवं लंग्स में कंजक्शन के कारण मौत होना बताया जा रहा है, वहीं मौत के वास्तविक कारण जानने के लिए शरीर के विभिन्न अंगों की जांच के लिए लैब भेजा जा रहा है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार बीती रात देवीगंज के जंगल में एक नर हाथी देखा गया था, जो पुरुषोत्तमपुर होते वन वाटिका नर्सरी के पश्चिम से होकर वन वाटिका विश्रामगृह के नजदीक पहाड़ पर चढ़ा था, जहां से वह गिर गया। सुबह करीब 10 बजे वन अमला ने हाथी को गिरा हुआ देखा तो नजदीक जाने पर हाथी के मृत होने की पुष्टि हुई। जिसके बाद तत्काल वन विभाग के उच्च अधिकारियों को इसकी सूचना दी गई।
सूचना मिलते ही डीएफओ विवेकानंद झा मौके पर पहुंचे, वहीं वाइल्ड एनिमल्स के अधिकारी भी मौके पर पहुंचे। मौके पर ही शव का पोस्टमार्टम करा कर शव को दफन कर दिया गया। नर हाथी की उम्र 20 से 25 वर्ष के बीच बताई जा रही है।
शव का पोस्टमार्टम डॉ. विकास जयसवाल, डॉ. विजय बहादुर सिंह, डॉ. डीएन सिंह के द्वारा की गई। इस दौरान उप वन मंडल अधिकारी अशोक तिवारी रेंजर संतोष पांडे सहित वन अमला मौके पर उपस्थित रहा।


