बलौदा बाजार

शिवनाथ के तट पर बसे पुरातात्विक ग्राम रामपुर का कलेक्टर ने किया दौरा
09-Jul-2021 6:58 PM
शिवनाथ के तट पर बसे पुरातात्विक  ग्राम रामपुर का कलेक्टर ने किया दौरा

प्राचीन मूर्तियों और पुरावशेषों का किया अवलोकन

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
बलौदाबाजार, 9 जुलाई।
कलेक्टर सुनील कुमार जैन ने शिवनाथ नदी के तट पर बसे ऐतिहासिक और पुराताविक महत्व के ग्राम रामपुर का दौरा किया। यह ग्राम बलौदाबाजार से बिलासपुर मार्ग पर भाटापारा विकासखण्ड के अंतर्गत शिवनाथ नदी के तट पर बसा है। वे करीब घण्टे भर तक यहां बड़ी दिलचस्पी के साथ पुरा महत्व महत्व की टीलाएं, मन्दिर, मूर्तियां, कुआं और पुरावशेषों का सूक्ष्म अवलोकन किया। 

कलेक्टर ने पुरा महत्व की सामग्रियों के अध्ययन और प्रमाणीकरण के लिए पुरातत्व विशेषज्ञों की टीम भेजने की बात कही है ताकि स्थल का संरक्षण और सुरक्षा समुचित तरीके से की जा सके। अपर कलेक्टर राजेन्द्र गुप्ता सहित जिला मुख्यालय के कुछ पुरातत्व प्रेमी नागरिक भी दौरे में साथ थे।

कलेक्टर ने अपने भ्रमण के दौरान उत्खनन में प्राप्त शिवलिंग एवं जलहरी का अवलोकन किया। उन्होंने कहा कि यहां प्राप्त मूर्तियां  विशेष महत्व की हैं। संभवतया  छत्तीसगढ़ में अन्यत्र इस प्रकार के पुरातात्विक महत्व की मूर्तियां एवं स्थल नहीं हैं। रामपुर में मौजूद कुछ अवशेष ऐसे भी हैं जो कि विश्व की प्राचीन सभ्यता की ममी से मिलती जुलती सी प्रतीत होती हैं। जिलाधीश ने कहा कि कुछ मूर्तियो जैन धर्म के श्वेताम्बर सम्प्रदाय से संबंधित प्रतीत होती है, जो कि दुर्लभ हैं और इनका विशेष महत्व है। 

उन्होंने कहा कि इस बाबत् जल्द ही पुरातत्व विभाग के विषय विशेषज्ञों को आमंत्रित कर इस स्थान का महत्व रेखांकित किया जायेगा। उन्होंने कहा कि मंदिर, टीले और परिसर का पुरातत्व विभाग द्वारा सर्वे कराकर उत्खनन किया जाना आवश्यक होगा। जिससे हमारी प्राचीन सभ्यता का नया इतिहास ज्ञात होगा जो न केवल छत्तीसगढ़ बल्कि पूरे देश के लिए गौरव का विषय होगा। कलेक्टर ने स्थानीय ग्रामीणों और जनप्रतिनिधियों से भी चर्चा कर जानकारी ली और उन्हें सुरक्षा का जिम्मा सौंपा। 

कलेक्टर ने कहा कि कोई भी अंजान किस्म के आदमी परिसर में दिखें तो पुलिस और स्थानीय प्रशासन को तत्काल सूचित करें। प्रशासन पूरा सहयोग करेगी।
 


अन्य पोस्ट