बलौदा बाजार

गुरूग्रंथ साहिब के समक्ष विधायक ने मत्था टेका
26-Nov-2026 7:28 PM
गुरूग्रंथ साहिब के समक्ष विधायक ने मत्था टेका

भाटापारा, 26 नवंबर। सिख धर्म के प्रथम गुरु श्री गुरु नानक देव जी की जयंती पर विधायक इंद्र साव गुरुद्वारा पहुंचे। यहां उन्होंने गुरुग्रंथ साहिब के समक्ष मत्था टेका तथा क्षेत्रवासियों को प्रकाश पर्व की हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं दीं। इस अवसर पर उन्होंने गुरुनानक चौक भगत सिंह चौक  निर्माण एवं सौंदर्यीकरण के लिए 10 लाख रुपये देने की घोषणा की।

 विधायक इंद्र साव ने कहा कि गुरु नानक देव जी केवल सिख समाज के ही नहीं, बल्कि संपूर्ण मानवता के मार्गदर्शक हैं। उनकी शिक्षाएं हमें प्रेम, सद्भाव, सेवा, समानता और आपसी भाईचारे का संदेश देती हैं। उन्होंने समाज को जाति, धर्म और ऊंच-नीच के भेदभाव से ऊपर उठकर मानव सेवा को सर्वोपरि रखने की प्रेरणा दी।

उन्होंने गुरुनानक चौक निर्माण के लिए 10 लाख रुपये की घोषणा करते हुए कहा कि गुरु नानक देव जी की स्मृति और उनके आदर्शों को सम्मान देना हम सभी का दायित्व है। चौक का विकास क्षेत्र की धार्मिक एवं सामाजिक पहचान को और बेहतर स्वरूप प्रदान करेगा।

कार्यक्रम में उपस्थित सिख समाज के लोगों ने विधायक का स्वागत किया तथा घोषणा के लिए आभार व्यक्त किया। प्रकाश पर्व का यह आयोजन श्रद्धा, उत्साह और सामाजिक एकता के संदेश के साथ संपन्न हुआ।

इस अवसर पर गुरुद्वारा गुरूसिंह सभा के अध्यक्ष बबलू चावला,भागसिंह सलूजा,अमरजीत सलूजा, मनिदर सिंह गुंबर,गुरमीत गुंबर ,राजा गुंबर,हरदीप चावला,राजू चावला,अमर छाबड़ा,विक्की सलूजा सहित काफी संख्या में सामाजिक लोग उपस्थित थे।


अन्य पोस्ट