बलौदा बाजार
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
बलौदाबाजार, 24 नवंबर। कार्तिक पूर्णिमा पर पलारी के बालसमुंद तालाब और ऐतिहासिक सिद्धेश्वर महादेव मंदिर में श्रद्धालुओं ने स्नान, पूजा-अर्चना और दीपदान किया। पुन्नी मेले में जिले के विभिन्न क्षेत्रों के अलावा आसपास के इलाकों से भी लोग पहुंचे। श्रद्धालुओं ने तालाब में स्नान के बाद दीपदान कर परिवार की सुख-समृद्धि की कामना की।
कार्तिक पूर्णिमा पर बालसमुंद तालाब में पुन्नी स्नान के लिए श्रद्धालुओं का पहुंचना रात करीब दो बजे से शुरू हो गया था। सुबह तक तालाब में स्नान और दीपदान करने वालों की आवाजाही जारी रही। लोगों ने परिवार के साथ पूजा-अर्चना की और दीपदान किया। धार्मिक मान्यताओं के अनुसार, कार्तिक पूर्णिमा को देव दीपावली के रूप में मनाया जाता है। मान्यता है कि इसी दिन भगवान शिव ने त्रिपुरासुर का वध किया था। इस विजय की खुशी में देवताओं ने दीप जलाकर उत्सव मनाया था। इसी मान्यता के आधार पर कार्तिक पूर्णिमा पर दीपदान की परंपरा प्रचलित है। इस अवसर पर श्रद्धालु पवित्र जलाशयों में स्नान और भगवान शिव तथा विष्णु की पूजा करते हैं।
सिद्धेश्वर मंदिर और बालसमुंद तालाब में बरसों से लग रहा मेला
पलारी का सिद्धेश्वर महादेव मंदिर और बालसमुंद तालाब कार्तिक पूर्णिमा के आयोजन के प्रमुख केंद्र हैं। यहां प्रतिवर्ष पुन्नी मेले का आयोजन होता है। श्रद्धालु मंदिर में पूजा-अर्चना करते हैं और तालाब के किनारे दीपदान करते हैं। पुन्नी मेले में धार्मिक गतिविधियों के साथ ग्रामीण खानपान और स्थानीय दुकानों की भी भागीदारी रहती है। ग्रामीण परिवारों के लिए यह आयोजन मेल-मिलाप का अवसर भी होता है। कार्तिक पूर्णिमा के साथ छत्तीसगढ़ में पारंपरिक मड़ई और मेलों का सिलसिला भी शुरू होता है।