बलौदा बाजार

बारनवापारा वन्यजीव अभयारण्य में ट्री श्रू गिलहरी दिखा
29-Nov-2026 8:54 PM
बारनवापारा वन्यजीव अभयारण्य में ट्री श्रू गिलहरी दिखा

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

बलौदाबाजार, 29 नवंबर। बारनवापारा वन्यजीव अभयारण्य में 24 नवंबर की दोपहर ट्री श्रू (Tree Shrew) नामक स्तनधारी जीव देखा गया और वन विभाग के अनुसार इसका फोटोग्राफिक दस्तावेजीकरण किया गया। यह जानकारी बारनवापारा अभयारण्य के एसडीओ कृषाणु चंद्राकर ने दी।

उन्होंने बताया कि 24 नवंबर को दिखे इस जीव की तस्वीर आलोक सिंह के सौजन्य से उपलब्ध कराई गई है।

एसडीओ कृषाणु चंद्राकर ने बताया कि देखने में यह जीव गिलहरी या छछूंदर जैसा प्रतीत हो सकता है, लेकिन यह उनसे भिन्न स्तनधारी वर्ग का जीव है। उन्होंने भारत में पाए जाने वाले मद्रास ट्री श्रू का वैज्ञानिक नाम Anathana ellioti  बताया और कहा कि यह मुख्य रूप से प्रायद्वीपीय भारत के वन क्षेत्रों में पाया जाता है। लंबी पूंछ, नुकीला थूथन और बड़ी आंखें इसकी विशेषताएं हैं तथा छोटे आकार और तेज गतिविधियों के कारण यह आसानी से दिखाई नहीं देता।

वन पारिस्थितिकी तंत्र में महत्वउन्होंने कहा कि अभयारण्य में पर्यटक आमतौर पर तेंदुआ, भालू और हिरण जैसे बड़े वन्यजीवों को देखने आते हैं, जबकि छोटे स्तनधारी, पक्षी, सरीसृप और कीट भी वन पारिस्थितिकी तंत्र का हिस्सा हैं। एसडीओ के अनुसार, कम देखे जाने वाले ऐसे जीवों के अवलोकन और फोटोग्राफिक रिकॉर्ड से क्षेत्र की जैव विविधता की जानकारी संकलित करने तथा संरक्षण के प्रति जागरूकता बढ़ाने में मदद मिलती है।


अन्य पोस्ट