बलौदा बाजार
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
भाटापारा, 29 नवंबर। नगर के मातादेवालय वार्ड में पटेल परिवार द्वारा स्वर्गीय वेदप्रकाश पटेल की वार्षिक श्राद्ध एवं पूर्वजों की मोक्ष प्राप्ति के उद्देश्य से आयोजित संगीतमय श्रीमद्भागवत कथा ज्ञान यज्ञ के सातवें दिन कथावाचक पंडित मनोज दुबे ने भगवान श्रीकृष्ण के विवाह प्रसंगों और कृष्ण-सुदामा मित्रता का वर्णन किया।
कथावाचक ने बताया कि गुरुकुल में साथ पढ़े श्रीकृष्ण और सुदामा के बीच की मित्रता पर आर्थिक अंतर का प्रभाव नहीं पड़ा। उन्होंने कहा कि निर्धनता की स्थिति में पत्नी सुशीला के आग्रह पर सुदामा भेंट के लिए मु_ीभर चिवड़ा लेकर द्वारिका पहुंचे। आचार्य के अनुसार, श्रीकृष्ण ने सुदामा का स्वागत किया, उनके चरण धोए, उन्हें आसन दिया और चिवड़ा ग्रहण किया।
उन्होंने कहा कि सच्ची मित्रता पद, प्रतिष्ठा, धन और वैभव की मोहताज नहीं होती। जहां स्वार्थ का स्थान नहीं और केवल प्रेम, विश्वास तथा अपनत्व होता है, वहीं मित्रता अपने सर्वोच्च स्वरूप को प्राप्त करती है। भगवान श्रीकृष्ण ने सुदामा से कुछ मांगे बिना ही उनकी दरिद्रता दूर कर दी और उनके जीवन को सुख-समृद्धि से भर दिया। यह प्रसंग मानव जीवन को प्रेम, करुणा, नि:स्वार्थ सेवा और मित्र धर्म निभाने की प्रेरणा देता है। आचार्य मनोज दुबे ने यह भी कहा कि श्रीमद्भागवत के प्रसंगों में प्रेम, त्याग, समर्पण और सदाचार के संदेश दिए गए हैं।
जिन्हें जीवन में अपनाने की आवश्यकता है। कथा के दौरान श्रद्धालु उपस्थित रहे।