बलौदा बाजार
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
बलौदाबाजार, 29 नवंबर। भूमि सौदे और आर्थिक लेनदेन से जुड़े मामलों में अब्दुल हैदर के विरुद्ध दो और शिकायतें पुलिस अधीक्षक बलौदाबाजार के समक्ष प्रस्तुत की गई हैं। इन शिकायतों में 38 लाख रुपये की कथित धोखाधड़ी के आरोप लगाए गए हैं।
प्राप्त शिकायतों के अनुसार, बलौदाबाजार निवासी उमेश कुमार अग्रवाल ने आरोपी पर 10 लाख रुपये लेने, छह माह में राशि लौटाने का आश्वासन देने तथा एचडीएफसी बैंक का चेक देने के बावजूद रकम वापस न करने का आरोप लगाया है। वहीं दूसरे शिकायतकर्ता संजय नारायण केशरवानी ने ग्राम परसाभदेर स्थित भूमि के सौदे के नाम पर विभिन्न तिथियों में 28 लाख रुपये लेने और भूमि की रजिस्ट्री न कराने की शिकायत की है। दोनों शिकायतकर्ताओं ने रिपोर्ट दर्ज कर वैधानिक कार्रवाई की मांग की है।
शिकायतकर्ताओं और संबंधित लोगों ने मामले में एफआईआर दर्ज करने और दस्तावेजों, बैंक विवरण तथा चेकों की जांच कर कार्रवाई किए जाने की मांग उठाई है।
रिपोर्ट में यह भी उल्लेख किया गया है कि कथित तौर पर रकम लौटाने या आश्वासन देकर मामला आगे बढऩे से रोकने के प्रयास की सूचनाएं सामने आई हैं, हालांकि इसकी स्वतंत्र पुष्टि नहीं हुई है। साथ ही, कार्रवाई की स्थिति को देखते हुए अन्य संभावित पीडि़तों के सामने आने को लेकर भी चर्चा है।