बलौदा बाजार

शिक्षकों को बाल संरक्षण व अपराध रोकथाम का प्रशिक्षण
29-Nov-2026 8:52 PM
शिक्षकों को बाल संरक्षण व अपराध रोकथाम का प्रशिक्षण

बलौदाबाजार, 29 नवंबर। जिला विधिक सेवा प्राधिकरण, बलौदाबाजार द्वारा सुरक्षित बचपन अभियान के तहत शनिवार को प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित किया गया। इसमें चयनित 57 विद्यालयों से एक महिला और एक पुरुष शिक्षक को बाल अपराधों की रोकथाम, बाल संरक्षण तथा बच्चों के अधिकारों से संबंधित प्रशिक्षण दिया गया।

कार्यक्रम का शुभारंभ प्रधान जिला एवं सत्र न्यायाधीश तथा जिला विधिक सेवा प्राधिकरण के अध्यक्ष विनीता वार्नर ने किया। उन्होंने बच्चों के सुरक्षित भविष्य के निर्माण में शिक्षकों की भूमिका पर बात की। कुटुम्ब न्यायालय के प्रधान न्यायाधीश राजभान सिंह ने बताया कि अभिभावकों के व्यवहार, पारिवारिक माहौल और सामाजिक परिस्थितियों का बच्चों के मानसिक विकास पर क्या प्रभाव पड़ता है तथा किन स्थितियों में बच्चे अपराध की ओर आकर्षित हो सकते हैं।  साइबर सेल प्रभारी प्रणाली वैद्य ने ऑनलाइन धोखाधड़ी, सोशल मीडिया के दुरुपयोग, साइबर बुलिंग और इंटरनेट के सुरक्षित उपयोग के बारे में जानकारी दी।

 सोनल केशरवानी ने बच्चों के संरक्षण, देखरेख और पुनर्वास की प्रक्रिया में बाल कल्याण समिति की सहभागिता के विषय में बताया।

 जिला एवं अपर सत्र न्यायाधीश, फास्ट ट्रैक विशेष न्यायालय (पॉक्सो) गिरजेश प्रताप सिंह ने लैंगिक अपराधों से बालकों का संरक्षण अधिनियम के प्रावधानों, अपराधों की पहचान, रोकथाम और कानूनी प्रक्रिया पर उदाहरणों के माध्यम से जानकारी साझा की।


अन्य पोस्ट