बलौदा बाजार
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
बलौदाबाजार, 29 नवंबर। जिला मुख्यालय बलौदाबाजार में भारतीय विशिष्ट पहचान प्राधिकरण (यूआईडीएआई) के पहले अधिकृत आधार सेवा केंद्र का शुभारंभ किया गया। 28 नवंबर को भाटापारा रोड स्थित शुक्ला बिल्डिंग में यूआईडीएआई क्षेत्रीय कार्यालय हैदराबाद के उप निदेशक एनजे कृपानंदम ने केंद्र का उद्घाटन किया। इस अवसर पर यूआईडीएआई के असिस्टेंट मैनेजर मोहम्मद सौबान सहित संबंधित अधिकारी और संचालक प्रतिनिधि उपस्थित रहे।
अधिकारियों के अनुसार, केंद्र में नए आधार पंजीयन, नाम, पता, जन्मतिथि और लिंग संशोधन, मोबाइल नंबर व ई-मेल अपडेट, फोटो, फिंगरप्रिंट और आइरिस अपडेट, 5 व 15 वर्ष की आयु पर अनिवार्य बायोमेट्रिक अपडेट, दस्तावेज अपडेट, आधार नंबर खोजने तथा ई-आधार डाउनलोड व प्रिंट जैसी सेवाएं मिलेंगी। नया पंजीयन नि:शुल्क रहेगा, जबकि अन्य सेवाओं के लिए निर्धारित शुल्क लागू होगा। प्रतिदिन लगभग 200 से 300 आवेदनों की क्षमता बताई गई है।
जटिल मामलों और शिकायतों का समाधान: बच्चों के डुप्लीकेट आधार, बायोमेट्रिक मिसमैच, बुजुर्गों के फिंगरप्रिंट या आइरिस प्रमाणीकरण की समस्याओं तथा शिकायतों के लिए सेंटर मैनेजर के माध्यम से आवेदन क्षेत्रीय कार्यालय हैदराबाद भेजे जाएंगे। असिस्टेंट मैनेजर मोहम्मद सौबान ने कहा कि ऐसी शिकायतों का निराकरण निर्धारित प्रक्रिया के तहत 21 दिनों के भीतर किया जा सकता है।
होम एनरोलमेंट और अपडेट: बीमारी, उम्र या दिव्यांगता के कारण केंद्र न आ सकने वाले व्यक्तियों के लिए परिवार या केयरटेकर के आवेदन तथा स्वीकृति के आधार पर घर पर सेवा देने की व्यवस्था बताई गई है। उप निदेशक एनजे कृपानंदम ने कहा कि ऐसे लोगों को घर पर सुविधा उपलब्ध कराने का प्रयास किया गया है।
मोहम्मद सौबान ने बताया कि होम विजिट के लिए 700 रुपये शुल्क की जानकारी दी गई है, जो पात्रता, स्वीकृति और लागू नियमों के अधीन रहेगी।
केंद्र की कार्यप्रणाली: आवेदकों को टोकन देने, दस्तावेज सत्यापन और शुल्क जमा करने के लिए अलग व्यवस्था की गई है। केंद्र में चार कर्मचारियों की उपलब्धता, सेंटर मैनेजर की नियुक्ति तथा वातानुकूलित हॉल, प्रतीक्षालय, पेयजल और व्हीलचेयर जैसी सुविधाएं बताई गई हैं।