बलौदा बाजार
हिस्ट्रीशीटर आशीष शुक्ला और उसके साथियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
बलौदाबाजार, 24 नवंबर। चक्रपाणि स्कूल की पूर्व प्राचार्य वंदिनी श्रीवास्तव ने 17 सितंबर को स्कूल परिसर में हुई घटना को लेकर प्रेसवार्ता की। उन्होंने आरोप लगाया कि संबंधित शिक्षक की मेडिकल रिपोर्ट में शराब सेवन की पुष्टि नहीं हुई थी, इसके बावजूद उन्हें और शिक्षक को पद से हटाने जैसी कार्रवाई की गई। उन्होंने इस मामले में अपना पक्ष सुने बिना प्रशासनिक निर्णय लिए जाने पर सवाल उठाते हुए निष्पक्ष जांच की मांग की।
बलौदाबाजार प्रेस क्लब भवन में आयोजित प्रेसवार्ता में वंदिनी श्रीवास्तव ने बताया कि 17 सितंबर को कुछ लोग एक शिक्षक के शराब के नशे में होने की शिकायत लेकर स्कूल पहुंचे थे। उनके अनुसार, इसी दौरान आशीष शुक्ला अपने कुछ साथियों के साथ बिना अनुमति उनके कार्यालय में दाखिल हुआ। उन्होंने आरोप लगाया कि इस दौरान कार्यालय और स्कूल में मौजूद नाबालिग छात्र-छात्राओं के वीडियो बनाए गए। मना करने के बावजूद महिला कर्मचारी के कक्ष में जाकर वीडियो बनाने और अभद्र व्यवहार करने के साथ शासकीय कार्य में बाधा पहुंचाई गई।
पूर्व प्राचार्य ने बताया कि घटना के बाद तहसीलदार और पुलिस प्रशासन की मौजूदगी में संबंधित शिक्षक का मेडिकल परीक्षण कराया गया था। उनका दावा है कि रिपोर्ट में शराब सेवन की पुष्टि नहीं हुई थी। इसके बावजूद उनका पक्ष और बयान दर्ज किए बिना उन्हें पद से हटा दिया गया तथा उनसे कनिष्ठ शिक्षक को प्राचार्य का प्रभार सौंप दिया गया।
उन्होंने इस कार्रवाई की प्रक्रिया पर सवाल उठाते हुए संबंधित दस्तावेजों और मेडिकल रिपोर्ट के आधार पर मामले की जांच कराने की मांग की।
वंदिनी श्रीवास्तव ने बताया कि उन्होंने करीब 40 वर्षों तक शिक्षा विभाग में सेवाएं दी हैं। इस दौरान स्कूल में अनुशासन, स्वच्छता, सौंदर्यीकरण, विद्यार्थियों के स्वास्थ्य परीक्षण और खेल गतिविधियों को लेकर काम किया। उनके अनुसार, विद्यार्थियों को राज्य स्तरीय खेल प्रतियोगिताओं में भाग लेने के अवसर भी मिले।
उन्होंने कहा कि 17 सितंबर की घटना के बाद से वह मानसिक तनाव में हैं और स्वास्थ्य संबंधी परेशानियों के कारण उपचार करा रही हैं।
पुलिस और गृह मंत्री को आवेदन देने की बात
वंदिनी श्रीवास्तव के अनुसार, घटना के बाद उन्होंने थाना सिटी कोतवाली, पुलिस अधीक्षक और गृह मंत्री को आवेदन देकर कार्रवाई की मांग की है। उनका आरोप है कि अब तक संबंधित लोगों के विरुद्ध अपराध दर्ज नहीं किया गया है।
उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि आशीष शुक्ला सोशल मीडिया पर उनके विरुद्ध आपत्तिजनक टिप्पणियां कर रहा है। वहीं, उसके भाई द्वारा सूचना के अधिकार के तहत आवेदन देकर शिकायत वापस लेने का दबाव बनाया जा रहा है।
प्रेसवार्ता में उन्होंने पुलिस प्रशासन से स्कूल परिसर में कथित रूप से जबरन प्रवेश, विद्यार्थियों के वीडियो बनाने, महिला कर्मचारी के साथ अभद्र व्यवहार और शासकीय कार्य में बाधा पहुंचाने के आरोपों की जांच कर आशीष शुक्ला एवं उसके साथियों के विरुद्ध कानूनी कार्रवाई करने की मांग की।