बलौदा बाजार

हड़ताल स्थगित होने के बाद दशहरा मैदान में जुटे पटवारी, कार्रवाई शून्य होने का इंतजार
24-Nov-2026 7:35 PM
हड़ताल स्थगित होने के बाद दशहरा मैदान में जुटे पटवारी, कार्रवाई शून्य होने का इंतजार

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

बलौदाबाजार, 24 नवंबर। छत्तीसगढ़ में पटवारियों की प्रदेशव्यापी हड़ताल स्थगित होने के बाद राजस्व संबंधी कामकाज फिर शुरू करने का निर्णय लिया गया है। इस बीच बलौदाबाजार के पटवारी दशहरा मैदान में एकत्रित हुए। पटवारी संघ के पदाधिकारियों के अनुसार, यह बैठक हड़ताल के दौरान हुई गतिविधियों और मुख्यमंत्री के साथ प्रांतीय पदाधिकारियों की चर्चा की जानकारी सदस्यों तक पहुंचाने के लिए आयोजित की गई थी।

संघ का दावा है कि मुख्यमंत्री के साथ हुई चर्चा में संगठन की प्रमुख मांगों पर सहमति बनी है। निलंबन, ब्रेक इन सर्विस और अन्य विभागीय कार्रवाइयों को समाप्त करने का आश्वासन भी मिला है। हालांकि, इन मांगों पर अभी औपचारिक आदेश जारी होना बाकी है।

पटवारी संघ के जिला उपाध्यक्ष विजय कुमार डहरिया ने बताया कि संगठन का आंदोलन पदाधिकारियों के खिलाफ की गई विभागीय कार्रवाई के विरोध में शुरू हुआ था। उनके अनुसार, प्रदेश में 13 अक्टूबर से हड़ताल शुरू हुई थी, जबकि बलौदाबाजार जिले के पटवारी 12 अक्टूबर से ही आंदोलन में शामिल हो गए थे। आंदोलन के प्रमुख मुद्दों में पीवीएफ से संबंधित विषय और संगठन के पदाधिकारियों के तबादले शामिल थे।

हड़ताल के कारण राजस्व संबंधी कामकाज प्रभावित हुआ। प्रांतीय पदाधिकारियों की मुख्यमंत्री से मुलाकात के बाद हड़ताल स्थगित करने का निर्णय लिया गया। हालांकि, संघ का कहना है कि कर्मचारियों के विरुद्ध की गई विभागीय कार्रवाइयों का निराकरण अभी बाकी है।

विजय कुमार डहरिया के मुताबिक, प्रांताध्यक्ष और मुख्यमंत्री के बीच हुई चर्चा में संगठन की विभिन्न मांगों पर सहमति बनी है। जिन पटवारियों के खिलाफ निलंबन, ब्रेक इन सर्विस और अन्य विभागीय कार्रवाई की गई है, उन मामलों को समाप्त करने का आश्वासन दिया गया है।

उन्होंने बताया कि पदोन्नति और वेतन विसंगति से जुड़े मुद्दों पर भी चर्चा हुई है। इन मांगों के निराकरण के लिए कमेटी गठित कर निर्णय लेने की बात कही गई है। संघ के अनुसार, इसी आश्वासन के बाद हड़ताल स्थगित करने का निर्णय लिया गया।

पटवारी संघ ने जिला कलेक्टर को ज्ञापन सौंपकर जिले में हुई विभागीय कार्रवाई समाप्त करने का आग्रह किया है। जिला उपाध्यक्ष के अनुसार, कलेक्टर ने इस संबंध में जल्द निर्णय लेने का आश्वासन दिया है। उन्होंने बताया कि पटवारी काम पर लौट चुके हैं और लंबित राजस्व प्रकरणों का निराकरण किया जाएगा।

संघ के पदाधिकारियों ने बताया कि प्रदेश के अलग-अलग जिलों में पटवारियों के खिलाफ निलंबन, ब्रेक इन सर्विस और अन्य विभागीय कार्रवाई हुई है। बलौदाबाजार जिले में केवल पटवारी मिलन कोसरे के निलंबन की कार्रवाई किए जाने की जानकारी संघ ने दी है। इस मामले में भी कलेक्टर से कार्रवाई समाप्त करने का आग्रह किया गया है।

लंबित राजस्व कार्यों के निराकरण की चुनौती

हड़ताल के दौरान किसानों और आम नागरिकों के राजस्व संबंधी काम प्रभावित हुए। विजय कुमार डहरिया ने बताया कि फसल नुकसान से जुड़े मुआवजा प्रकरण, छह-चार के मामले, जमीन की खरीदी-बिक्री से संबंधित कार्य और आय, जाति एवं निवास प्रमाण पत्रों के लिए जरूरी राजस्व प्रक्रियाएं लंबित हुई हैं।

उन्होंने कहा कि पटवारियों के काम पर लौटने के बाद इन मामलों के निराकरण में तेजी लाई जाएगी। अब लंबित प्रकरणों का निपटारा करना राजस्व विभाग के सामने प्रमुख चुनौती है।


अन्य पोस्ट