बलौदा बाजार

छठ पूजा में शामिल हुए नपाध्यक्ष
17-Nov-2026 8:22 PM
छठ पूजा में शामिल हुए नपाध्यक्ष

श्री झूलेलाल सरोवर में अस्ताचलगामी सूर्य को अघ्र्य देकर की सुख-समृद्धि की कामना

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

भाटापारा, 17 नवंबर। माता देवालय वार्ड स्थित श्री झूलेलाल सरोवर में छत्तीसगढ़ पाटलीपुत्र कल्याण समिति द्वारा छठ पूजा का आयोजन किया गया। इसमें नगर पालिका अध्यक्ष अश्वनी शर्मा शामिल हुए। उन्होंने छठी मैया और भगवान सूर्यदेव की पूजा-अर्चना कर अस्ताचलगामी सूर्य को अघ्र्य अर्पित किया तथा नगरवासियों के सुख, शांति, समृद्धि और खुशहाली की कामना की।

इस अवसर पर उन्होंने छठ व्रतियों, श्रद्धालुओं और समिति के सदस्यों से मुलाकात कर पर्व की शुभकामनाएं दीं। सरोवर तट पर छठ गीतों और दीपों के बीच श्रद्धालुओं ने पूजा-अर्चना की।

श्री शर्मा ने कहा कि छठ महापर्व प्रकृति के प्रति कृतज्ञता, अनुशासन, त्याग और समर्पण का प्रतीक है। यह पर्व सामाजिक एकता, भाईचारे और सांस्कृतिक परंपराओं को आगे बढ़ाने का संदेश देता है। उन्होंने कहा कि भाटापारा की सांस्कृतिक विविधता और सामाजिक समरसता ऐसे आयोजनों से मजबूत होती है।

उन्होंने कहा कि भाटापारा नगर की पहचान उसकी सांस्कृतिक विविधता, सामाजिक समरसता और आपसी भाईचारे से है। छठ पूजा जैसे पर्व समाज के विभिन्न वर्गों को एक सूत्र में पिरोने तथा हमारी सांस्कृतिक विरासत को नई पीढ़ी तक पहुंचाने का महत्वपूर्ण कार्य करते हैं। ऐसे धार्मिक एवं सांस्कृतिक आयोजनों से समाज में एकता, सद्भाव और सहयोग की भावना और अधिक मजबूत होती है।

उन्होंने छत्तीसगढ़ पाटलीपुत्र कल्याण समिति के अनिल सिंह, डीके मिश्रा, राजेंद्र प्रजापति, टीएन झा, हेमंत पंडित, संतोष सिंह, धनंजय यादव, वीके मिश्रा, रवि शर्मा एवं मनोज प्रजापति सहित सभी पदाधिकारियों और सदस्यों को आयोजन के लिए बधाई दी। उन्होंने धार्मिक एवं सांस्कृतिक परंपराओं के संरक्षण में नगर पालिका परिषद की ओर से सहयोग जारी रखने की बात कही।


अन्य पोस्ट