बलौदा बाजार

मकानों के पास से गुजर रहे 11 केवी तारों की सुरक्षा जांच कराए विद्युत विभाग - शेख सलमान
16-Nov-2026 8:11 PM
मकानों के पास से गुजर रहे 11 केवी तारों की सुरक्षा जांच कराए विद्युत विभाग - शेख सलमान

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

बलौदाबाजार, 16 नवंबर। नगर में आवासीय मकानों के नजदीक से गुजर रही 11 केवी विद्युत लाइनों और अव्यवस्थित केबलों को लेकर नगर पालिका परिषद के नेता प्रतिपक्ष एवं वार्ड क्रमांक 17 के पार्षद शेख सलमान ने जिला कलेक्टर को ज्ञापन सौंपा है। उन्होंने विद्युत सुरक्षा मानकों का पालन कराने और सभी वार्डों में विद्युत लाइनों का सर्वेक्षण कराने की मांग की है।

ज्ञापन में शेख सलमान ने कहा कि नगर के कई हिस्सों में हाईटेंशन तार मकानों की छतों, संकरी गलियों और आवासीय क्षेत्रों के पास से गुजर रहे हैं। कुछ स्थानों पर मकानों और 11 केवी लाइनों के बीच एक-दो फीट की दूरी होने का दावा करते हुए उन्होंने निर्धारित सुरक्षा मानकों के अनुसार दूरी सुनिश्चित करने की मांग की है।

उन्होंने विद्युत विभाग से ऐसी लाइनों का निरीक्षण कर आवश्यकतानुसार तारों की ऊंचाई बढ़ाने, स्थान परिवर्तन करने और अन्य तकनीकी सुधार करने की मांग की। साथ ही खुले एवं नीचे लटकते तारों को सुरक्षित करने और जर्जर विद्युत खंभों को बदलने की बात कही।

शेख सलमान ने हाल ही में 11 केवी विद्युत तार की चपेट में आने से एक परिवार के पिता-पुत्र की मौत और महिला के घायल होने की घटना का उल्लेख करते हुए कहा कि ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति रोकने के लिए सुरक्षा व्यवस्था की समीक्षा जरूरी है।

ज्ञापन में नगर के सभी वार्डों, विशेषकर स्कूलों, बाजारों, घनी आबादी वाले क्षेत्रों और संकरी गलियों में विद्युत लाइनों का सर्वेक्षण कराने, नियमित सुरक्षा ऑडिट करने तथा नागरिकों की शिकायतों के त्वरित निराकरण की व्यवस्था बनाने की मांग भी की गई है।

उन्होंने प्रशासन से नागरिकों को विद्युत सुरक्षा संबंधी नियमों और शिकायत दर्ज कराने की प्रक्रिया की जानकारी देने के लिए जागरूकता अभियान चलाने का आग्रह किया। शेख सलमान ने कहा कि विद्युत सुरक्षा मानकों का पालन सुनिश्चित कर नागरिकों को संभावित दुर्घटनाओं से बचाना प्रशासन और संबंधित विभाग की प्राथमिकता होनी चाहिए।


अन्य पोस्ट