बलौदा बाजार

जमीन के नाम पर करोड़ों की ठगी का आरोपी 6 महीने से फरार
01-Nov-2026 8:14 PM
जमीन के नाम पर करोड़ों की ठगी का आरोपी 6 महीने से फरार

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

बलौदाबाजार, 1 नवंबर। जमीन के सौदे और निवेश में मुनाफे का झांसा देकर करीब 10 करोड़ रुपये की कथित ठगी का आरोपी अब्दुल हैदर 6 महीने से फरार है। पीडि़तों का कहना है कि दर्जनों लोगों से राशि लेने के बाद आरोपी परिवार सहित गायब है।

पीडि़तों के अनुसार, पुलिस ने अब तक केवल नगर पालिका पार्षद व नेता प्रतिपक्ष सलमान शेख की शिकायत पर एफआईआर  दर्ज की है, जबकि अन्य शिकायतों पर मामला दर्ज नहीं किया गया है। पीडि़तों ने इस संबंध में कलेक्टर से भी शिकायत की है।

पीडि़तों के मुताबिक, 6 जुलाई को आरोपी एक व्यक्ति की मोटरसाइकिल लेकर बैंकों से राशि निकालने गया था। इसके बाद वह कार लेकर बिलासपुर रेलवे स्टेशन पहुंचा, जहां उसका भतीजा कपड़ों से भरे बैग के साथ मौजूद था। वहां कार की चाबी सौंपने के बाद से वह गायब है।

इसी दिन जमीन सौदे के सिलसिले में 10 लाख रुपये देने वाले मुस्ताक चौहान को आरोपी ने दोपहर 3 बजे रजिस्ट्री कार्यालय बुलाया था, लेकिन वह वहां नहीं पहुंचा। शाम 4.33 बजे से आरोपी के तीनों मोबाइल नंबर बंद हो गए।

पीडि़तों का यह भी आरोप है कि फरार आरोपी के परिजन शहर में संपत्तियों के लेन-देन के लिए आते-जाते देखे गए हैं।

मामले में बलौदाबाजार सिटी कोतवाली थाना प्रभारी लखेश केवट का कहना है कि पुलिस द्वारा अपने स्तर पर लगातार कार्रवाई की जा रही है और आरोपी को जल्द ही गिरफ्तार कर लिया जाएगा।


अन्य पोस्ट