बलौदा बाजार

‘वोट बचाओ-देश बचाओ’ अभियान, कांग्रेस ने लगाए आरोप
30-Oct-2026 7:11 PM
‘वोट बचाओ-देश बचाओ’ अभियान, कांग्रेस ने लगाए आरोप

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

बलौदाबाजार, 30 अक्टूबर। अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी के आह्वान पर चलाए जा रहे ‘वोट बचाओ -देश बचाओ’ अभियान के तहत जिला मुख्यालय बलौदाबाजार स्थित विप्र वाटिका में कांग्रेस कार्यकर्ताओं की विशाल सभा और पत्रकार वार्ता का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में एआईसीसी ऑब्जर्वर शरद अहेर, प्रदेश कांग्रेस सह-प्रभारी विजय जांगिड़ और पूर्व मंत्री व कार्यक्रम प्रभारी मोहम्मद अकबर सहित प्रमुख नेताओं ने भाग लिया।

 एआईसीसी ऑब्जर्वर शरद अहेर ने भारत निर्वाचन आयोग और मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार की कार्यप्रणाली पर सवाल उठाते हुए आयोग पर अपनी संवैधानिक निष्पक्षता खोने का आरोप लगाया।

 कांग्रेस नेताओं ने मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे की मांग की और इसे लोकतंत्र व संविधान की रक्षा का जन आंदोलन बताया। आगामी 1 नवंबर 2026 को नई दिल्ली में आयोजित होने वाले विशाल आंदोलन में बलौदाबाजार जिले से अधिक से अधिक संख्या में भाग लेने की अपील की गई। पत्रकार वार्ता के बाद आयोजित सम्मेलन में वक्ताओं ने कार्यकर्ताओं से गांव-गांव और बूथ स्तर तक पहुंचकर आम नागरिकों को मताधिकार के प्रति जागरूक करने का आह्वान किया।

कार्यक्रम में विधायक संदीप साहू, विधायक इंद्र साव, जिलाध्यक्ष सुमित्रा धृतलहरे, पूर्व विधायक शकुंतला साहू, जनकराम वर्मा, पूर्व जिला पंचायत अध्यक्ष राकेश वर्मा, पूर्व जिला पंचायत उपाध्यक्ष परमेश्वर यदु, पूर्व जिलाध्यक्ष दिनेश यदु व हितेंद्र ठाकुर, ब्लॉक अध्यक्षगण, मंडल अध्यक्षगण तथा बड़ी संख्या में पार्टी पदाधिकारी व कार्यकर्ता उपस्थित थे।


अन्य पोस्ट