बलौदा बाजार

बलौदाबाजार- रिसदा मार्ग बदहाल, तीन दिन से फंसा है ट्रेलर
29-Oct-2026 6:43 PM
बलौदाबाजार- रिसदा मार्ग बदहाल, तीन दिन से फंसा है ट्रेलर

बलौदाबाजार, 29 अक्टूबर। बलौदाबाजार-सिमगा मार्ग पर स्थित रिसदा बाईपास चौक से ग्राम रिसदा के बीच का 300 मीटर मार्ग जर्जर और दलदल में तब्दील हो चुका है। जिला मुख्यालय से 5 किलोमीटर दूर इस मार्ग की स्थिति पर प्रशासनिक अधिकारियों और क्षेत्र के सीमेंट संयंत्रों का ध्यान नहीं है। पिछले तीन दिनों से कोयले से लदा एक भारी-भरकम ट्रेलर क्रमांक सीजी 13 बीसी 6329 बीच सडक़ के गहरे गड्ढे में फंसा हुआ है, जिससे रास्ता और खतरनाक हो गया है।

 ग्रामीणों के अनुसार, 10 दिन पहले ही इस मार्ग पर गड्ढों की लेवलिंग की गई थी, लेकिन ओवरलोडेड भारी वाहनों के गुजरने से सडक़ फिर से कीचड़ और गहरे गड्ढों में बदल गई।

सडक़ की दुर्दशा के कारण दोपहिया वाहन चालकों, स्कूली बसों, राहगीरों और एम्बुलेंस को आने-जाने में भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।

 इस मार्ग से 6 बड़े सीमेंट संयंत्रों के अधिकारी और वीआईपी रोजाना गुजरते हैं, इसके बावजूद सडक़ सुधारने की कोई पहल नहीं की जा रही है।  समस्या का समाधान न होने पर ग्रामीणों ने उग्र प्रदर्शन और चक्काजाम करने की चेतावनी दी है।

मामले को लेकर लोक निर्माण विभाग के कार्यपालन अभियंता अनुज शर्मा ने कहा-मैं जल्दी ही एसडीओ को मौके पर भेज कर पूरी जानकारी लेता हूँ। मार्ग में जहाँ-जहाँ ज्यादा समस्या है, उन्हें तत्काल दूर करने के लिए निर्देशित कर देता हूँ।


अन्य पोस्ट