बलौदा बाजार

पुरैना खपरी में निर्माण कार्यों की जांच में धांधली का आरोप
28-Oct-2026 6:28 PM
पुरैना खपरी में निर्माण कार्यों की जांच में धांधली का आरोप

ग्रामीणों ने कलेक्टर से की दोबारा जांच की मांग

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

बलौदाबाजार, 28 अक्टूबर। जनपद पंचायत बलौदाबाजार के अंतर्गत ग्राम पंचायत पुरैना खपरी में चल रहे गुणवत्ताहीन निर्माण कार्यों की जांच में बड़े पैमाने पर धांधली का मामला सामने आया है। आक्रोशित ग्रामीणों ने इस संबंध में कलेक्टर को एक आवेदन सौंपकर जांच अधिकारियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई करने और किसी राजपत्रित अधिकारी से दोबारा निष्पक्ष जांच कराने की गुहार लगाई है।

ग्रामीणों द्वारा कलेक्टर को सौंपे गए आवेदन के अनुसार, गांव में हो रहे घटिया निर्माण कार्यों की शिकायत के बाद 17 अक्टूबर को वरिष्ठ अंकेक्षण अधिकारी आर. एस. मनहरे और सहायक विकास विस्तार अधिकारी नीरज गोंड जांच के लिए गांव पहुंचे थे। ग्रामीणों का आरोप है कि जांच के दौरान जब लोगों का आक्रोश बढ़ा, तो पंचायत सचिव थानेश्वर साहू ने यह कहते हुए अपने पद से इस्तीफे की बात कही कि वह कोरे कागज पर दस्तखत कर रहे हैं और जांच को बीच में ही छोडक़र चले गए। इसके बाद उप अभियंता (सब इंजीनियर) नूतन साहू की अनुपस्थिति का बहाना बनाकर जांच अधिकारियों ने काम बंद कर दिया और वहां से लौट गए।

शिकायतकर्ताओं का सीधा आरोप है कि जांच के लिए आए अधिकारियों आर. एस. मनहरे और नीरज गोंड ने ग्रामीणों की आंखों में धूल झोंकी है। उन्होंने अपने पद का दुरुपयोग करते हुए बिना किसी वास्तविक जांच या जमीनी निरीक्षण के, मिलीभगत करके एक फर्जी रिपोर्ट तैयार कर दी है। ग्रामीणों ने आशंका जताई है कि अधिकारियों ने अनुचित लाभ या आर्थिक सहायता लेकर जांच को पूरी तरह प्रभावित किया है।

इस मामले में ग्रामीणों ने पहले भी 1 सितंबर 2026 को जनदर्शन में शिकायत दर्ज कराई थी। अब ग्रामीणों ने कलेक्टर से मांग की है कि इन निष्क्रिय और कथित रूप से भ्रष्ट अधिकारियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाए और पूरे मामले की किसी राजपत्रित अधिकारी से निष्पक्ष स्थल निरीक्षण करवाकर दोबारा जांच सुनिश्चित की जाए।


अन्य पोस्ट