बलौदा बाजार
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
बलौदाबाजार, 26 अक्टूबर। बलौदाबाजार नगर के समीप न्यूको सीमेंट प्लांट (रिसदा-सोनाडीह) और अनिमेष स्टील एवं पावर प्लांट (ढाबाडीह) से निकलने वाले धुएं से आसपास के ग्रामीणों को कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा है।
ग्रामीणों और संयंत्र के बाहरी क्षेत्र में काम करने वाले कर्मचारियों के अनुसार, अस्थमा, खांसी, ब्रोकाइटिस, त्वचा रोग, एलर्जी और किडनी से जुड़ी समस्याएं हो रही हैं। इसका प्रभाव बच्चों और बुजुर्गों पर पड़ रहा है। स्थानीय लोगों का आरोप है कि पर्यावरण विभाग, जिला प्रशासन और संयंत्र प्रबंधन इस मामले में कार्रवाई नहीं कर रहे हैं।
स्थानीय लोगों के अनुसार, न्यूको सीमेंट प्लांट प्लांट के मेन गेट, बी.आर.यू. और क्लिंकर लोडिंग स्थल के पास धूल निकलने से परेशानी हो रही है। आरोप है कि बेक फिल्टर का उपयोग न होने और सुबह-शाम शैलों से धुआं छोड़े जाने के कारण वायु प्रदूषण बढ़ रहा है, जिससे कर्मचारियों को अस्पताल में भी भर्ती कराना पड़ा है।
ग्रामीणों के अनुसार, ढाबाडीह अनिमेष पावर प्लांट का अनुपयोगी राखड़ सोनबरसा जंगल से लगे खदान में डाला जा रहा है, जिससे पानी और पेड़-पौधों पर विपरीत असर पडऩे की आशंका है। ग्रामीणों का आरोप है कि नियमों की अनदेखी कर यह कार्य किया जा रहा है और उच्चस्तरीय शिकायत के बाद भी कोई सुनवाई नहीं हुई है।
स्थानीय लोगों का कहना है कि संयंत्रों से निकलने वाले धुएं और धूल का असर 8 से 10 किलोमीटर के दायरे में स्थित गांवों तक पड़ता है। इससे मकानों की छतें और दीवारें तथा सुखाए गए कपड़े काले पड़ रहे हैं। हवा, पानी और मिट्टी में औद्योगिक कचरा मिलने से पेयजल की गुणवत्ता प्रभावित होने की बात कही जा रही है। ग्रामीणों ने संयंत्रों की गतिविधियों की जांच कर कार्रवाई की मांग की है।