बलौदा बाजार

स्काउट-गाइड संघ भाटापारा के विनय अध्यक्ष
25-Oct-2026 7:35 PM
स्काउट-गाइड संघ भाटापारा के विनय अध्यक्ष

भाटापारा, 25 अक्टूबर। भारत स्काउट्स एवं गाइड्स छत्तीसगढ़ के स्थानीय संघ भाटापारा का गठन सर्वसम्मति से किया गया। इसमें विनय ठाकुर को अध्यक्ष मनोनीत किया गया। गठन की प्रक्रिया जिला पर्यवेक्षक संजीव पटेल और गंगा राम वर्मा की देखरेख में नियमावली के अनुसार संपन्न हुई।

उपाध्यक्ष पद के लिए पुरुष वर्ग से प्रकाश चन्द्र शर्मा, केशव राम वर्मा और सुनील यदु तथा महिला वर्ग से डॉ. वीणा साहू, गीता अग्रवाल और गायत्री आडिल को मनोनीत किया गया। एसआर फुटान को स्काउटर प्रतिनिधि और सुशीला वर्मा को गाइडर प्रतिनिधि चुना गया। आदर्श ग्राम पंचायत गुड़ेलिया के पंचायत भवन में आयोजित बैठक में राज्य कार्यकारिणी सदस्य अरुण छाबड़ा, स्थानीय संघ सदस्य अश्वनी शर्मा, राजेश पटेल और संकेत अग्रवाल सहित अन्य सदस्य उपस्थित रहे। बैठक में नवमनोनीत पदाधिकारियों को बधाई देते हुए संघ को मजबूत बनाने और स्काउट-गाइड के आदर्शों के अनुरूप देशप्रेम, सेवा एवं सामाजिक कार्यों में सक्रिय भागीदारी का आह्वान किया गया। कार्यक्रम में जिला मुख्य आयुक्त डॉ. अजय राव, जिला शिक्षा अधिकारी एवं पदेन जिला आयुक्त एसके गेंदले, सहायक जिला आयुक्त भास्कर देवांगन, जिला सचिव डॉ. जगदीश कुमार साहू और विकासखंड सचिव श्रवण सिंगरौल के मार्गदर्शन का उल्लेख किया गया।


अन्य पोस्ट