बलौदा बाजार

धान खरीदी की तैयारियों को लेकर निर्देश जारी
22-Oct-2026 7:29 PM
धान खरीदी की तैयारियों को लेकर निर्देश जारी

बलौदाबाजार, 22 अक्टूबर। आगामी धान खरीदी सीजन के नजदीक आने के साथ ही प्रशासनिक स्तर पर तैयारियों और दिशा-निर्देशों का सिलसिला शुरू हो गया है। जिले में समर्थन मूल्य पर धान बेचने के लिए अब तक 1,68,939 किसान पंजीकृत हो चुके हैं, जबकि नए किसानों के पंजीयन और पुराने रिकॉर्ड में संशोधन की अंतिम तिथि 31 अक्टूबर निर्धारित की गई है।
प्रशासन द्वारा खरीदी केंद्रों पर आवश्यक व्यवस्थाओं को समयबद्ध रूप से पूरा करने के निर्देश दिए गए हैं, जिनमें निम्नलिखित बिंदु शामिल हैं-  बारिश से धान के बचाव के लिए केंद्रों हेतु ऊंची और समतल जमीन का चयन करने, पॉलीथिन कवर, ड्रेनेज सामग्री और सीमेंट ब्लॉक की व्यवस्था करने के निर्देश दिए गए हैं। सभी खरीदी केंद्रों पर आर्द्रतामापी (नमी जांच यंत्र) को ठीक करने और इलेक्ट्रॉनिक तौल मशीनों का विधिक मापविज्ञान विभाग से सत्यापन कराने को कहा गया है।
कंप्यूटर, प्रिंटर, जनरेटर, यूपीएस और बायोमेट्रिक मशीनों की कार्यप्रणाली की जांच सुनिश्चित की जा रही है।
जमीनी चुनौतियां
खरीदी प्रक्रिया शुरू होने से कुछ दिन पूर्व प्रशासनिक चेकलिस्ट के आधार पर सत्यापन कार्य किए जाने के कारण समितियों के सामने कम समय में सभी भौतिक व्यवस्थाओं को धरातल पर उतारने की चुनौती है। पिछले अनुभवों को देखते हुए किसानों को तकनीकी समस्याओं या सर्वर संबंधी बाधाओं से बचाने के लिए पुख्ता प्रबंध किए जाने पर जोर दिया जा रहा है।


अन्य पोस्ट