बलौदा बाजार
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
भाटापारा, 22 अक्टूबर। आदर्श रामलीला नाटक मंडली भाटापारा के 107वें वर्ष के रामलीला मंचन के नवें दिवस पर आयोजित अहिरावण वध एवं देवी लीला कार्यक्रम में भाजपा के वरिष्ठ नेता शिवरतन शर्मा मुख्य रूप से शामिल हुए। उन्होंने समस्त नगरवासियों को शारदीय नवरात्रि की महानवमी और विजयादशमी की हार्दिक शुभकामनाएं दीं।
श्री शर्मा ने कहा कि रामलीला का मंचन हमारी भारतीय संस्कृति की आत्मा है। यह केवल धार्मिक कथा का मंचन नहीं है, बल्कि संपूर्ण जीवन का दर्शन है। रामलीला के प्रत्येक पात्र में एक गहरा संदेश छिपा है और प्रत्येक प्रसंग हमें बताता है कि असत्य पर सत्य और अधर्म पर धर्म की सदैव विजय होती है। उन्होंने कहा कि जब हमारे बच्चे और युवा रामलीला देखते हैं, तो वे धर्म, त्याग, सत्य, कर्तव्य और मर्यादा जैसे सनातन मूल्यों को आत्मसात करते हैं।
उन्होंने कहा कि त्रेता में अवतरित भगवान राम का जीवन मूल्य आज के समय की आवश्यकता है। प्रभु श्रीराम का आदर्श जीवन हमें सिखाता है कि जीवन में कितनी भी विपरीत परिस्थितियां क्यों न हों, हमें अपने सिद्धांतों और वचनों का पालन करना चाहिए।
भगवान राम का आदर्श भारत के सांस्कृतिक मूल्यों का संवर्धन करता है और बिना किसी सामाजिक, आर्थिक व सांस्कृतिक विषमताओं के प्रगतिशील राष्ट्र का निर्माण करना ही भगवान राम के जीवन का संदेश है। उन्होंने नाटक मंडली के सभी पदाधिकारियों एवं कलाकारों से भेंट कर शानदार मंचन के लिए बधाई और शुभकामनाएं दीं, कार्यक्रम में नगर के गणमान्य नागरिक बड़ी संख्या में उपस्थित थे।