बलौदा बाजार
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
बलौदाबाजार, 21 अक्टूबर। बलौदाबाजार-सुहेला मार्ग पर रविवार शाम ग्राम रिसदा के भीतर हुए एक सडक़ हादसे में 11 माह के शिशु की मौके पर ही मौत हो गई। दुर्घटना से गुस्साए ग्रामीणों ने सडक़ पर उतरकर प्रदर्शन किया, जिससे करीब दो घंटे तक भारी वाहनों का आना-जाना पूरी तरह ठप रहा।
ग्राम अमेरा निवासी योगेश साहू अपनी पत्नी और 11 माह के पुत्र डायमंड साहू के साथ मोटरसाइकिल से सुहेला से वापस लौट रहे थे। ग्राम रिसदा के पास पीछे से आ रहे बलकर वाहन क्रमांक सीजी 22 जेड 7715 ने उनकी मोटरसाइकिल को टक्कर मार दी।
टक्कर लगने से मोटरसाइकिल सवार गिर पड़े और शिशु वाहन की चपेट में आ गया, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। घटना के विरोध में ग्रामीणों ने उचित मुआवजे तथा सडक़ मरम्मत की मांग को लेकर मार्ग पर प्रदर्शन शुरू कर दिया, जिससे वाहनों की कतारें लग गईं।
घटना की सूचना मिलते ही कोतवाली पुलिस दल-बल के साथ मौके पर पहुंची। कार्रवाई करते हुए कोतवाली पुलिस ने दुर्घटनाकारित भारी वाहन (बलकर) को तुरंत अपने कब्जे में ले लिया है।
इसके बाद पुलिस प्रशासन द्वारा ग्रामीणों को उचित कानूनी कार्रवाई का आश्वासन देकर और समझाइश देकर करीब दो घंटे बाद मामले को शांत कराया गया, जिसके बाद यातायात बहाल हो सका।