बलौदा बाजार

कनेक्शन काटने के बावजूद बिजली चोरी करते 57 पकड़ाए
19-Oct-2026 7:41 PM
कनेक्शन काटने के बावजूद बिजली चोरी करते 57 पकड़ाए

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

बलौदाबाजार, 19 अक्टूबर। विद्युत विभाग द्वारा बकाया राशि का भुगतान न किए जाने पर कनेक्शन विच्छेद किए जाने के बावजूद अवैध रूप से बिजली का उपयोग करने वालों के विरुद्ध कार्रवाई की जा रही है। इसी कड़ी में बलौदाबाजार विद्युत संभाग में चलाए गए सघन चेकिंग अभियान के दौरान 176 संदिग्ध ठिकानों पर जांच की गई, जिसमें से 57 परिसरों में प्रत्यक्ष रूप से बिजली चोरी किए जाने का मामला सामने आया है।

विद्युत विभाग के रायपुर ग्रामीण क्षेत्र के मुख्य अभियंता ए.के. लाखेड़ा के निर्देशानुसार बलौदाबाजार संभाग में 14 विशेष सतर्कता टीमों का गठन किया गया था। इन टीमों ने उन उपभोक्ताओं के परिसरों की जांच की, जिनके कनेक्शन पूर्व में बिल भुगतान न करने के कारण विच्छेद किए जा चुके थे।

जांच के दौरान यह पाया गया कि संबंधित उपभोक्ता मीटर को दरकिनार कर मुख्य सर्विस वायर से सीधे हुकिंग कर अनधिकृत रूप से बिजली का उपयोग कर रहे थे। विभाग द्वारा ऐसे मामलों में विद्युत अधिनियम की धारा 135 और 138 के तहत थाने में प्राथमिकी (एफआईआर) दर्ज कराने की प्रक्रिया शुरू की जा रही है।

 अधीक्षण अभियंता जी.पी. अनंत ने स्पष्ट किया है कि बिजली चोरी पर रोक लगाने और राजस्व वसूली के लिए यह अभियान निरंतर जारी रहेगा।

विद्युत विभाग के आंकड़ों के अनुसार, बलौदाबाजार संभाग में अगस्त 2026 तक कुल 31.15 करोड़ रुपये का बिजली बिल बकाया है। श्रेणी वार डिफॉल्टरों की सूची देखें तो घरेलू उपभोक्ताओं पर सबसे ज्यादा 9.42 करोड़ रुपए बकाया हैं, जबकि गैर घरेलू उपभोक्ता यानी कमर्शियल में 3.63 करोड़ रुपए बकाया हैं। इसके अलावा बीपीएल श्रेणी में 1.61 करोड़ रुपए का बिजली बिल बकाया हैं। इससे पूर्व, 19 सितंबर को चलाए गए अभियान के दौरान 176 कनेक्शनों की जांच में 85 परिसरों में बिजली चोरी पकड़ी गई थी, जिनमें से 15 गंभीर मामलों को विशेष न्यायालय में प्रस्तुत किया गया है, जबकि शेष मामलों में नियमानुसार क्षतिपूर्ति राशि जमा कराई गई है।


अन्य पोस्ट