बलौदा बाजार

जोगी कांग्रेस ने तेज की संगठनात्मक गतिविधियां, 24 को प्रदेश स्तरीय बैठक
17-Oct-2026 7:50 PM
जोगी कांग्रेस ने तेज की संगठनात्मक गतिविधियां, 24 को प्रदेश स्तरीय बैठक

भाटापारा, 17 अक्टूबर। जनता कांग्रेस छत्तीसगढ़ (जे) ने आगामी राजनीतिक कार्यक्रमों और वर्ष 2028 के विधानसभा चुनाव की तैयारियों के संदर्भ में प्रदेश स्तरीय बैठक आयोजित करने का निर्णय लिया है। यह बैठक 24 अक्टूबर को दोपहर 12 बजे जोगी निवास, सिविल लाइन्स, रायपुर में आयोजित की जाएगी।

आयोजन संयोजक समिति के सदस्य सुशील बंजारे ने बताया कि पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष अमित जोगी के निर्देशानुसार संगठन के पुनर्गठन, नई प्रदेश कोर कमेटी के गठन, कार्यकर्ताओं के बीच समन्वय और आगामी रणनीति तैयार करने के उद्देश्य से इस बैठक का आयोजन किया जा रहा है।

सुशील बंजारे के अनुसार, पार्टी से जुड़े रहे पूर्व पदाधिकारियों, कार्यकर्ताओं और समर्थकों को पुन: एक मंच पर लाने का प्रयास किया जा रहा है। वर्तमान में सक्रिय सदस्यों के साथ-साथ निष्क्रिय रहे पूर्व सदस्यों से भी संपर्क स्थापित किया जाएगा, ताकि 24 अक्टूबर की बैठक में संगठन के भावी ढांचे पर चर्चा की जा सके।

बंजारे ने बताया कि बैठक में प्रदेश स्तर पर नई कोर कमेटी के गठन, जिलों में संगठन को पुनर्गठित करने, सक्रिय कार्यकर्ताओं को जिम्मेदारी सौंपने तथा प्रदेश से लेकर जिला और ब्लॉक स्तर तक समन्वय व्यवस्था विकसित करने पर विचार किया जाएगा। इसके अतिरिक्त आगामी राजनीतिक एवं जनहित से जुड़े कार्यक्रमों की रणनीति, संगठन की वर्तमान स्थिति और वर्ष 2028 के विधानसभा चुनाव की तैयारियों को लेकर भी चर्चा प्रस्तावित है।

सुशील बंजारे ने बताया कि बैठक के सुचारू आयोजन और जिलों से कार्यकर्ताओं की भागीदारी सुनिश्चित करने के लिए 24 सदस्यीय आयोजन संयोजक समिति का गठन किया गया है।

उन्होंने पार्टी के पदाधिकारियों और सदस्यों से 24 अक्टूबर की बैठक में उपस्थित रहने का आह्वान किया है।


अन्य पोस्ट