बलौदा बाजार
बलौदाबाजार, 15 अक्टूबर। राजस्व विभाग की कार्यप्रणाली और रिकॉर्ड में गड़बड़ी से परेशान होकर किसान छक्कनदास मनहरे ने जिलाधीश (कलेक्टर) को ज्ञापन सौंपकर आगामी शनिवार तक समस्या का समाधान न होने पर पुन: तार-घेरा (तारबंदी) करने की चेतावनी दी है।
किसान का आरोप है कि पटवारी अयूब खान, राधेश्याम बर्मन और अजय प्रभाकर द्वारा नक्शे में छेड़छाड़ और रिकॉर्ड दुरुस्ती में लगातार अनदेखी की जा रही है। किसान का कहना है कि वे इस संबंध में पटवारी, तहसीलदार, एसडीएम, कलेक्टर, मंत्री, मुख्यमंत्री से लेकर राज्यपाल तक सैकड़ों बार आवेदन दे चुके हैं, लेकिन अब तक कोई ठोस कार्रवाई या रिकॉर्ड दुरुस्ती नहीं हुई है। उन्होंने राजस्व विभाग के अधिकारियों पर पटवारियों को संरक्षण देने का आरोप लगाया है। किसान ने स्पष्ट किया है कि यदि शनिवार तक उनके प्रकरण का निराकरण राजस्व विभाग द्वारा नहीं किया जाता है, तो वे खेत में तार-घेरा करने के लिए बाध्य होंगे।