बलौदा बाजार

भाजपा महिला मोर्चा ने कांग्रेस कार्यालय का घेराव कर
13-Oct-2026 7:31 PM
भाजपा महिला मोर्चा ने कांग्रेस कार्यालय का घेराव कर

किया धरना-प्रदर्शन

बलौदाबाजार, 13 अक्टूबर। जवाहरलाल नेहरू विश्वविद्यालय में छात्राओं के साथ कथित यौन दुर्व्यवहार के आरोपों को लेकर जिला भाजपा महिला मोर्चा ने बलौदाबाजार में कांग्रेस कार्यालय का घेराव कर जोरदार धरना-प्रदर्शन किया। इस मामले में कांग्रेस के इनर मणिपुर से सांसद डॉ. अंगोमचा बिमोल अकोइजम पर आरोप है, जिसको लेकर महिला मोर्चा ने कांग्रेस नेतृत्व की जवाबदेही पर सवाल उठाए। कार्यक्रम के तहत भाजपा जिला कार्यालय से महिला मोर्चा की पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं ने पैदल रैली निकालकर नारेबाजी करते हुए कांग्रेस कार्यालय पर विरोध दर्ज कराया।

जिला पंचायत अध्यक्ष आकांक्षा जायसवाल ने कहा कि महिलाओं की सुरक्षा, सम्मान और न्याय केवल भाषणों तक सीमित नहीं रहने चाहिए। उन्होंने सवाल किया कि एक तरफ राहुल गांधी ‘पितृसत्ता समाप्त’ करने की बात करते हैं, तो दूसरी तरफ महिलाओं से जुड़े गंभीर आरोपों के मामलों में कांग्रेस नेतृत्व को अपनी स्थिति स्पष्ट करनी चाहिए।

भाजपा महिला मोर्चा की जिलाध्यक्ष सुनीता वर्मा ने कहा कि महिला उत्पीडऩ के मामलों में किसी भी प्रकार का दोहरा मापदंड स्वीकार्य नहीं है। उन्होंने निष्पक्ष जांच और पीडि़त छात्राओं को न्याय दिलाने की मांग की। कार्यक्रम में जिला महामंत्री विजय यादव एवं प्र.का.स. नीलम सोनी ने भी महिला सुरक्षा और न्याय के विषय पर अपने विचार रखे। कार्यक्रम के अंत में आभार प्रदर्शन महिला मोर्चा जिला महामंत्री गीता अग्रवाल ने किया।

इस अवसर पर पूर्व विधायक एवं प्रदेश प्रवक्ता प्रमोद शर्मा, प्रदेश सह संयोजक टेसूलाल धुरंधर, धनंजय साहू, नरेश केशरवानी, रितेश श्रीवास्तव, आलोक अग्रवाल, पुरुषोत्तम सोनी, मंडल अध्यक्ष अनुपम बाजपेयी, रवि वर्मा, राकेश ध्रुव, मणिकांत मिश्रा, राजेश वर्मा, महेंद्र साहू, योगेश अग्रवाल, दीपक नेगी, मंजू सोनी, रेखा पटेल, लता टंडन, कल्पना पवार, त्रिवेणी साहू, लक्ष्मी नारायण वर्मा, तिलेश्वर वर्मा सहित महिला मोर्चा की पदाधिकारी और बड़ी संख्या में कार्यकर्ता उपस्थित रहे।


अन्य पोस्ट