बलौदा बाजार
समर्थन में पहुंचीं कांग्रेस जिलाध्यक्ष
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
बलौदाबाजार, 13 अक्टूबर। ग्राम सोनाडीह स्थित बड़े बांध में मिट्टी डाले जाने के विरोध में ग्रामीणों में आक्रोश है।
किसानों को आशंका है कि इससे उनकी सिंचाई व्यवस्था प्रभावित होगी। इस समस्या को लेकर ग्रामीणों ने 16 अक्टूबर से अनिश्चितकालीन धरना-प्रदर्शन एवं माइनिंग रोकने हेतु चक्काजाम की चेतावनी दी है।
किसानों के इस आंदोलन के समर्थन में जिला कांग्रेस कमेटी की अध्यक्ष सुमित्रा धृतलहरे सोनाडीह पहुंचीं और ग्रामीणों की मांगों का समर्थन किया।
ग्रामीणों का आरोप है कि न्यूवोको सीमेंट प्लांट (सोनाडीह) द्वारा बड़े बांध में मिट्टी डाली जा रही है, जो खेती और सिंचाई का मुख्य जलस्रोत है। इससे बांध के अस्तित्व और सिंचाई व्यवस्था पर प्रतिकूल प्रभाव पड़ेगा।
ग्रामीणों ने जिला प्रशासन से मांग की है कि बांध में मिट्टी डालने का कार्य तत्काल रोका जाए। डाली गई मिट्टी को हटाकर बांध की पूर्व स्थिति बहाल की जाए। संबंधित भूमि की लीज की जांच कर नियमानुसार कार्रवाई की जाए।
कांग्रेस ने किसानों के अधिकारों की रक्षा और सिंचाई व्यवस्था को सुरक्षित रखने के लिए उनके आंदोलन का समर्थन करते हुए प्रशासन से मामले में हस्तक्षेप कर स्थायी समाधान की मांग की है।