बलौदा बाजार
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
भाटापारा, 13 अक्टूबर। नगर पालिका परिषद भाटापारा के विभिन्न विकास कार्यों और ठोस अपशिष्ट प्रबंधन के प्रस्तावों को संचालनालय, नगरीय प्रशासन एवं विकास विभाग, छत्तीसगढ़ ने 15वें वित्त आयोग के अंतर्गत अनुमति प्रदान की है। इसके तहत कुल 5 करोड़ 87 लाख 13 हजार रुपये के कार्यों एवं सामग्री संबंधी प्रस्तावों को मंजूरी मिली है। अनटाइड ग्रांट से 4 करोड़ 50 लाख 69 हजार रुपये सडक़, आरसीसी नाली, पुलिया निर्माण और सडक़ मरम्मत पर खर्च किए जाएंगे। वहीं, ठोस अपशिष्ट प्रबंधन के लिए 1 करोड़ 36 लाख 44 हजार रुपये के प्रस्ताव स्वीकृत हुए हैं। इसमें 300 आउटडोर वेस्ट बिन और एक मिनी एक्सकेवेटर मशीन की व्यवस्था शामिल है।
31 वार्डों में सुधरेंगी बुनियादी सुविधाएं
प्रस्तावित निर्माण कार्यों से शहर के विभिन्न वार्डों में आंतरिक सडक़ों और नालियों की स्थिति बेहतर बनाने के साथ जल निकासी की समस्याओं को दूर करने में मदद मिलेगी। स्वच्छता उपकरणों की उपलब्धता से कचरा संग्रहण और सफाई व्यवस्था को भी मजबूती मिलने की उम्मीद है। नगर पालिका अध्यक्ष अश्वनी शर्मा ने कहा कि परिषद का लक्ष्य प्रत्येक वार्ड में बेहतर नागरिक सुविधाएं उपलब्ध कराना और विकास कार्यों को धरातल पर उतारना है। उन्होंने इस स्वीकृति के लिए मुख्यमंत्री विष्णु देव साय, उपमुख्यमंत्री एवं नगरीय प्रशासन मंत्री अरुण साव, वित्त मंत्री ओ.पी. चौधरी, सांसद बृजमोहन अग्रवाल तथा पूर्व विधायक शिवरतन शर्मा के प्रति आभार जताया।
उन्होंने कहा कि सभी कार्य निर्धारित प्रक्रिया, तकनीकी मानकों और गुणवत्ता के अनुरूप पूरे कराने का प्रयास किया जाएगा, ताकि शहरवासियों को बेहतर सडक़, जल निकासी और स्वच्छता सुविधाएं मिल सकें।